Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में हवा चलने से बढ़ते प्रदूषण से मिली लोगों को राहत, आज होगी बारिश

    By Bhupendra SinghEdited By:
    Updated: Sun, 03 Nov 2019 12:13 AM (IST)

    रविवार को दिल्ली और आस पास की जगहों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    दिल्ली में हवा चलने से बढ़ते प्रदूषण से मिली लोगों को राहत, आज होगी बारिश

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से राहत के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। हालांकि प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी से नीचे जाते हुए खराब श्रेणी में ही रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मॉनिटरिंग स्टेशन में दिल्ली का एयर इंडेक्स शुक्रवार की तुलना में 85 अंक तक गिर गया। शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स (484) खतरनाक श्रेणी में दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार के दिन यह 399 दर्ज हुआ। वहीं गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स अब भी खतरनाक श्रेणी में ही दर्ज हो रहा है। दिल्ली के अलावा नोएडा में भी प्रदूषण के स्तर में गिरावट आई है। यहां पर भी शुक्रवार को खतरनाक श्रेणी से गिरकर शनिवार को खराब श्रेणी में प्रदूषण का स्तर दर्ज हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हल्की बारिश होने की संभावना

    मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली और आस पास की जगहों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। रविवार को दिन भर बादल छाए रह सकते हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है।

    दिल्ली और आस पास के क्षेत्रों में हवा ने दी दस्तक

    स्काइमेट के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और आस पास के क्षेत्रों में उत्तर-पश्चिमी दिशा से नमी के साथ हवा ने दस्तक दी है। इससे शनिवार को शाम 5.30 बजे विभिन्न जगहों पर हल्की बारिश भी हुई। इसके साथ ही 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। साथ ही राजस्थान में भी एक चक्रवाती हवाओं की गतिविधि बनी हुई थी। इसका भी प्रभाव दिल्ली पर पड़ा। यहां से भी हवा के साथ नमी आई। जिसके कारण दिल्ली में हल्की बारिश हुई।

    8 नवंबर तक दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं

    मौसम विभाग के अनुसार 8 नवंबर तक दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं। 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। जिसके कारण प्रदूषक कण एक जगह पर न ठहरते हुए आगे बढ़ जाएंगे। इससे प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 7 और 8 नवंबर को फिर से बारिश होने की संभावना है।

    दिल्ली-एनसीआर का एयर इंडेक्स

    जगह       1 नवंबर  2 नवंबर

    दिल्ली       484       399

    फरीदाबाद   479       404

    गाजियाबाद 496       453

    गुरुग्राम      496      438

    नोएडा        469      364

    ग्रेटर नोएडा 499       432