Parliament Special Session Live: 'चयन समिति को भेजा जाए महिला आरक्षण बिल', RJD ने की एससी-एसटी के साथ ओबीसी को शामिल करने की मांग
Parliament Special Session Live आज राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पेश हुआ। लोकसभा में 454 सांसदों ने किया बिल का समर्थन। बिल के पास होने से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।

भारत-कनाडा विवाद पर कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का बयान आया है। उन्होंने कहा कि मैंने कल संसद में पीएम मोदी के साथ कनाडा के छात्रों के मुद्दे पर चर्चा की और उन्होंने मुझसे कहा कि वे इसका ध्यान रखेंगे। बिट्टू ने कहा कि निज्जर मेरे दादाजी की हत्यारे के दाहिने हाथ थे।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज झा ने गुरुवार को राज्यसभा में अपनी पार्टी की ओर से महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए मांग की कि अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को भी इस कानून में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को एक चयन समिति को भेजा जाना चाहिए और इसमें एससी और एसटी के साथ ओबीसी को भी शामिल किया जाना चाहिए।
राजस्थान सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने महिला आरक्षण बिल पर सरकार पर तंज कसा है। खाचरियावास ने कहा कि ये सब भाजपा नाटक कर रही है, वो इसे लागू नहीं करना चाहते हैं।
संसद में अभिनेत्रियों का आना आज भी जारी है। संसद पहुंची दिव्या दत्ता ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक एक बड़ी पहल है, यह सचमुच अच्छा लगता है। महिलाओं को आगे लाया जा रहा है। अभिनेत्री ने कहा कि संसद के विशेष सत्र को देखना अपने आप में एक अनुभव है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि इस बिल में हर समाज की महिलाओं के लिए आरक्षित सीट हो, हम इस बिल को पूरा समर्थन देंगे। ये बिल पास आज हो जाएगा, लेकिन कब लागू होगा इसका पता नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि ये बिल महिलाओं को गुमराह करने के लिए लाया जा रहा है, ये केवल जुमलेबाजी है।
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का राज्यसभा में भी समर्थन करेगी। शुक्ला ने कहा कि 2014 से अब तक भाजपा ने कुछ नहीं किया और अब जब 9.5 साल हो गए हैं तो वे सिर्फ चुनाव के लिए इसे लेकर आ रहे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में पास होने पर खुशी जाहिर की। गहलोत ने कहा कि कल सोनिया गांधी ने कहा था कि ये राजीव गांधी का सपना था, हमें खुशी है कि 22 साल की लगातार कोशिश के बाद अब सोनिया गांधी का ये सपना पूरा होने जा रहा है।
लोकसभा में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के सरकार से चीन मुद्दे पर चर्चा करने की बात कहने पर राजनाथ सिंह ने उनपर हमला बोला है। राजनाथ ने कहा कि चीन मुद्दे पर चर्चा करने का मेरे में साहस है और मैं सीना चौड़ा करके चर्चा करने के लिए तैयार हूं।
महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसका प्रमाण सबके सामने हैं। नड्डा ने कहा कि आज सॉफ्टवेयर की दुनिया में 21 फीसद महिलाएं हैं। आज ISRO में मंगल मिशन हो, चंद्रयान मिशन हो या Aditya-L1 हो, इन सब में महिला वैज्ञानिकों का महत्वपूर्ण योगदान है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब हैं इसलिए अब महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए एक नया जुमला आ गया है। अधीर ने कहा कि हम लोग इस बिल का विरोध क्यों करेंगे, ये हमारा ही मुद्दा है। हम सरकार को सलाह देंगे कि इसमें अन्य चीजें भी शामिल की जाएं।
राहुल गांधी द्वारा बीते दिन महिला आरक्षण बिल पर अपनी बात रखते हुए कहा गया था कि इसमें ओबीसी को भी आरक्षण मिलना चाहिए। इस पर आज नड्डा ने कहा कि कांग्रेस बताए कि उनके शासनकाल वर्ष 2004 से 2014 तक में कितने ओबीसी सेक्रेटरी थे।
जेपी नड्डा ने महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से अल्पसंख्यकों की राजनीति करती रही है, तभी तीन तलाक को कभी लेकर नहीं आए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर जेपी नड्डा ने हमला बोला है। नड्डा ने कहा कि आप चाहते हैं कि बिना नियमों के महिला आरक्षण बिल जल्दी से पास हो जाए, यही कारण है कि आपको सरकारें चलानी नहीं आई और आप तभी यहां विपक्ष में बैठे हैं।
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण बिल पर जल्दबाजी करना चाहती है, लेकिन उसे ये नहीं पता कि कहीं ये ना हो कि वायनाड की सीट ही महिला आरक्षित हो जाए।
जेपी नड्डा ने कहा कि देश की नारी कभी अबला और बेचारी नहीं रही है। उन्होंने कहा कि महिला आज हर क्षेत्र में आगे है और कई चीजों में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है।
महिला आरक्षण विधेयक पर राज्यसभा में चर्चा जारी है। कई सांसदों ने इस पर समर्थन जता दिया है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चर्चा के दौरान कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण बिल लाना उन पर कोई एहसान नहीं है, क्योंकि नारी का सम्मान ही हमारी संस्कृति है।
महिला आरक्षण बिल कल लोकसभा में पास होने के बाद आज राज्यसभा में पेश किया गया है। आज राज्यसभा में पास होने के बाद महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण मिल जाएगा।
महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में पास होने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि कल भारत की संसदीय यात्रा का एक स्वर्णिम क्षण था। पीएम ने कहा कि इस सदन के सभी सदस्य उस स्वर्णिम क्षण के हकदार हैं, जो निर्णय कल लिया गया। उन्होंने कहा कि आज जब हम राज्यसभा में इसे पारित करने के बाद आखिरी मील पार कर रहे हैं।
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल आज लोकसभा में अधिवक्ता संशोधन विधेयक 2023 को पेश करेंगे। मेघवाल ने इससे पहले महिला आरक्षण बिल के पास होने पर पीएम मोदी को बधाई दी। मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए पीएम मोदी हमेशा कदम उठाए हैं और आगे भी उठाते रहेंगे।
पीएम मोदी ने लोकसभा के सभी नेताओं को महिला आरक्षण बिल पर साथ देने के लिए धन्यवाद दिया है। पीएम ने कहा कि सभी नेताओं को एकजुट होने के लिए मेरा सभी को आभार।
चंद्रयान 3 के लैंडिंग प्वाइंट को शिवशक्ति प्वाइंट नाम देने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पीएम मोदी को बधाई दी है।
बीजेडी ने राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पर साथ देने के लिए व्हिप जारी किया है। बिल पर बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने कहा कि हमारे नेता सीएम नवीन पटनायक और बीजेडी की हमेशा से प्रतिबद्धता रही है कि महिला आरक्षण बिल संसद में पारित हो।
महिला आरक्षण बिल आज राज्यसभा में पेश होगा। बिल पर बोलते हुए शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुवेर्दी ने कहा कि ये बहुत अच्छा हुआ कि इस बिल को एआईएमआईएम को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों में सर्वसम्मति से समर्थन मिला है।
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल आज लोकसभा में अधिवक्ता संशोधन विधेयक, 2023 को विचार के लिए पेश करेंगे। अधिवक्ता अधिनियम 1961 में संशोधन करने के लिए अधिवक्ता संशोधन विधेयक 2023 पहले राज्यसभा में पारित किया गया था।
बीजू जनता दल ने अपने राज्यसभा सांसदों को व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को आज सदन में उपस्थित रहकर महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने को कहा है।
महिला आरक्षण बिल पर भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय का बयान आया है। उन्होंने कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री चुने गए तब उन्होंने कहा था कि वे महिला सशक्तिकरण के लिए काम करेंगे। उन्होंने जो कहा वह करके दिखाया है। यह बिल महिला सशक्तिकरण में एक बड़ी भूमिका अदा करेगा।
लोकसभा में बीते दिन महिला आरक्षण बिल 454 सांसदों के समर्थन से पास हो गया। इस बिल के विरोध में 2 सांसदों ने वोट किया। विरोध करने वाले नेताओं में एआइएमआइएम के असदुद्दीन ओवैसी और इम्तियाज जलील शामिल रहे।
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद आज राज्यसभा में ये विधेयक पेश होगा।