Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब 2 से ज्यादा बच्चे वाले ही लड़ सकेंगे चुनाव, चंद्रबाबू ने कर दिया एलान; कहा- पहले की पीढ़ी 4-5 बच्चे पैदा करती थी

    Updated: Fri, 17 Jan 2025 12:01 AM (IST)

    एन चंद्रबाबू नायडू ने एलान किया है कि वे जल्द ही अधिक बच्चा पैदा करने को प्रोत्साहन देने वाली नीति लेकर आएंगे। उन्होंने गिरती जन्मदर पर चिंता व्यक्त की और कहा कि भारत को वह गलती नहीं दोहरानी चाहिए जो जापान और दक्षिण कोरिया ने की है। नायडू ने कहा कि पहले की पीढ़ी अधिक बच्चे पैदा करती थी। मगर मौजूदा पीढ़ी सिर्फ एक बच्चे तक सीमित है।

    Hero Image
    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू। ( फाइल फोटो )

    पीटीआई, तिरुपति। आंध्र प्रदेश में दो से अधिक बच्चे वाले ही स्थानीय निकाय चुनाव लड़ सकेंगे। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इसकी घोषणा करते हुए कहा है कि आप सरपंच, नगर पार्षद, निगम अध्यक्ष या महापौर तभी बनेंगे जब आपके दो से अधिक बच्चे होंगे। इस दौरान उन्होंने संकेत दिया कि इससे जनसंख्या में गिरावट को रोका जा सकेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अधिक बच्चे पैदा करने की नीति लाएंगे

    मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए नीतियां लाएंगे। उन्होंने नरवरिपल्ले में संवाददाताओं से कहा कि एक समय था जब अधिक बच्चों वाले व्यक्तियों को पंचायत चुनाव या स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं थी। अब मैं यह कह रहा हूं कि कम बच्चों वाले व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकते हैं।

    तदेपा प्रमुख ने कहा कि पुरानी पीढ़ी के लोग चार-पांच बच्चे पैदा करते थे, जबकि वर्तमान पीढ़ी ने इसे घटाकर एक बच्चा कर दिया है। अब तो और भी समझदार लोग कह रहे हैं कि दोहरी आय, बिना बच्चों के (डीआइएनके) हम मौज-मस्ती कर सकते हैं। अगर उनके माता-पिता ने उनकी तरह सोचा होता तो वे इस दुनिया में नहीं आते।

    सही समय पर निर्णय लेना होगा

    नायडू ने कहा कि कई देशों ने यह गलती की है और हमें सही समय पर निर्णय लेना होगा। उन्होंने कहा कि अधिक बच्चे पैदा करने के महत्व पर जोर नहीं दिया गया और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। दक्षिण कोरिया, जापान और महाद्वीपीय यूरोप जैसे देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोगों को जनसंख्या में गिरावट के खतरे का एहसास नहीं है, बल्कि उनका ध्यान केवल पैसा कमाने, आय बढ़ाने और उन देशों को आगे ले जाने पर है।

    जापान और दक्षिण कोरिया वाली गलती न दोहराए भारत

    नायडू ने कहा कि अब उन्हें लोगों की जरूरत है, यहां से लोग जाएंगे। हम उस स्थिति में आ गए हैं। इस महीने की शुरुआत में नायडू ने गिरती जन्म दर पर चिंता जताते हुए कहा था कि भारत को दक्षिण कोरिया और जापान जैसे अन्य देशों द्वारा की गई गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए, जहां जन्म दर में भारी गिरावट आई है।

    यह भी पढ़ें: बजट से पहले आठवें वेतन आयोग का गठन, अर्थव्यवस्था पर कितना पड़ेगा असर? समझें पूरा गणित

    यह भी पढ़ें: अनाड़ी ड्राइवरों की गलती से होती हैं 82 फीसदी दुर्घटनाएं, देशभर में ट्रेनिंग सेंटर खोलकर सरकार देगी प्रशिक्षण