विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमर अब्दुल्ला ही नहीं, इन दिग्गज मुख्यमंत्रियों ने भी रचाई दूसरी शादी; तीसरे नंबर वाले Ex CM पर नहीं होगा यकीन

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:28 PM (IST)Updated: Sat, 31 Oct 2026 07:37 PM (IST)

उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है, जो उनकी दूसरी शादी है। देश में कई मुख्यमंत्रियों ...और पढ़ें

दिग्गज मुख्यमंत्रियों ने भी रचाई थी दोबारा शादी

दिग्गज मुख्यमंत्रियों ने भी रचाई थी दोबारा शादी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। दोनों ने सोशल मीडिया पर अपने विवाह समारोह की तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दे दिया है। उमर अब्दुल्ला का अपनी पहली पत्नी से जुलाई 2026 में तलाक हुआ था। उमर ने निधि से दूसरी शादी की है।

भारत के राजनीतिक इतिहास में ऐसे कई मौके आए हैं जब मुख्यमंत्रियों ने अपनी पहली पत्नी के निधन, तलाक या अन्य पारिवारिक कारणों से दूसरी शादी रचाई है। इनमें से कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए दूसरी शादी की, तो कुछ ने कार्यकाल खत्म होने के बाद या अपने राजनीतिक सफर के दौरान दूसरी शादी की।

मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए दूसरी शादी करने वाले नेता

भगवंत मान (पंजाब)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए 7 जुलाई 2022 को डॉ. गुरप्रीत कौर से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से तलाक होने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ में एक समारोह में गुरप्रीत कौर के साथ सात फेरे लिए थे।

bhagwant man

डॉ. यशवंत सिंह परमार (हिमाचल प्रदेश)

हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार ने अपनी पहली पत्नी चंद्रवती परमार के निधन के बाद वर्ष 1974 में 65 वर्ष की उम्र में दूसरी शादी की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अपने आधिकारिक आवास ओक ओवर से सत्यावती डांग के साथ विवाह रचाया था।

cm parmar

प्रफुल्ल कुमार महंत (असम)

असम के पूर्व मुख्यमंत्री प्रफुल्ल कुमार महंत पहली बार दिसंबर 1985 में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। अपने इस कार्यकाल के दौरान ही वर्ष 1988 में उन्होंने जयश्री गोस्वामी महंत से शादी की थी। जयश्री गोस्वामी आगे चलकर एक प्रसिद्ध लेखिका बनीं और उन्होंने 1999 से 2001 तक राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व भी किया।

assam ex cm

वीरभद्र सिंह (हिमाचल प्रदेश)

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पहली बार 1983 में राज्य की कमान संभालने के बाद 1990 तक इस पद पर रहे। अपने इसी पहले कार्यकाल के दौरान वर्ष 1985 में उन्होंने प्रतिभा सिंह के साथ अपनी दूसरी शादी रचाई थी। प्रतिभा सिंह बाद में खुद भी राजनीति में सक्रिय हुईं और सांसद बनीं।

veerbhadra singh

एच. डी. कुमारस्वामी (कर्नाटक)

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने अपनी पहली पत्नी अनीता कुमारस्वामी के होते हुए वर्ष 2006 में मुख्यमंत्री रहते हुए कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री राधिका से गुप्त रूप से दूसरी शादी की थी। हालांकि, उस समय उन्होंने इसका सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं किया था, लेकिन वर्ष 2010 में राधिका ने स्वयं इस शादी की जानकारी सार्वजनिक की थी।

hd kumarswamy

कुर्सी छोड़ने या राजनीतिक जीवन के दौरान दूसरी शादी करने वाले नेता

नारायण दत्त तिवारी (उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड)

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री रह चुके नारायण दत्त तिवारी की पहली पत्नी सुशीला का निधन वर्ष 1991 में हो गया था। मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के लंबे समय बाद, मई 2014 में 88 वर्ष की उम्र में उन्होंने लखनऊ में उज्ज्वला शर्मा के साथ दूसरी शादी रचाई थी।

nd tiwari

बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा)

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने 19 जून 2026 को कन्नड़ अभिनेत्री त्रिवेणी राव के साथ दूसरी शादी की। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उनकी इस दूसरी शादी की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई।

bipab kumar dev

एन. टी. रामाराव (आंध्र प्रदेश)

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज अभिनेता एन. टी. रामाराव (एनटीआर) की पहली पत्नी बासव तारकम का निधन 1985 में हो गया था। इसके बाद, अपने राजनीतिक जीवन के चरम दौर में वर्ष 1993 में उन्होंने तेलुगु लेखिका लक्ष्मी पार्वती से दूसरी शादी की थी। इस शादी के बाद आंध्र प्रदेश की राजनीति में काफी फेरबदल देखने को मिले थे।

NT ramarao

मुलायम सिंह यादव (उत्तर प्रदेश)

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी थीं। पहली पत्नी के जीवनकाल के दौरान ही साधना गुप्ता के साथ उनके संबंध चर्चा में रहे, जिन्हें बाद में उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनाया और अपने परिवार व राजनीतिक जीवन का हिस्सा बनाया। मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता से 23 मई 2003 को शादी की थी।

mulayam singh yadav

दिग्विजय सिंह (मध्य प्रदेश)

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पहली पत्नी आशा सिंह का वर्ष 2013 में कैंसर के कारण निधन हो गया था। इसके बाद, सितंबर 2015 में 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने टीवी पत्रकार अमृता राय के साथ चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों से दूसरी शादी की थी।

digvijay singh

 

यह भी पढ़ें- CM उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान संग रचाई शादी, सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर लिखा- नए सफर की शुरुआत

यह भी पढ़ें- तलाक के 19 साल बाद शादी, कौन हैं उमर अब्दुल्ला की नई दुल्हन निधि राजदान? CM के साथ तस्वीरें शेयर कर लिखा- It’s done bro

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।