Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नॉर्थईस्ट में भारी बारिश से बिगड़े हालात, बाढ़ के बाद स्थिति गंभीर; 36 लोगों की मौत

    पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर हैं। असम में 5.35 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं जहां 15 नदियाँ उफान पर हैं। भूस्खलन और बाढ़ में त्रिपुरा सिक्किम मिजोरम मेघालय अरुणाचल प्रदेश और असम में कुल 36 लोगों की मौत हुई है। मिजोरम में भूस्खलन की कई घटनाएँ हुई हैं जबकि मणिपुर में 19 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

    By Agency Edited By: Abhinav Tripathi Updated: Tue, 03 Jun 2025 04:30 AM (IST)
    Hero Image
    पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति गंभीर, अब तक 36 मरे। (फोटो- एएनआई)

    पीटीआई, गुवाहाटी। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 36 लोगों की मौत हो गई है। इनमें त्रिपुरा में एक, सिक्किम में तीन, मिजोरम में पांच, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में 10 और असम में 11 मौतें शामिल हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    असम में 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य में 15 नदियां उफान पर हैं। मिजोरम में भूस्खलन, चट्टानें गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं। मणिपुर में बाढ़ से 19 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार 22 जिलों के 1,254 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।

    भारी बारिश के कारण राज्य में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं। श्रीभूमि सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 1,94,172 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। होजाई जिले में एक व्यक्ति की मौत की खबर है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। 12,610 हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न हो गया है।

    अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ में बहे व्यक्ति का शव बरामद

    अरुणाचल प्रदेश में सोमवार को लगातार बारिश जारी रही। मुख्य नदियों और उनकी सहायक नदियों का जल स्तर खतरे के स्तर से ऊपर है। 23 जिलों के 156 गांवों में 938 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। लोहित जिले में बाढ़ में बहे व्यक्ति का शव मिला। वायुसेना ने दिबांग घाटी में बाढ़ग्रस्त बोमजीर नदी में फंसे 14 व्यक्तियों को बचाया।

    आइजल में भारी बारिश के चलते स्कूलों को किया गया बंद

    मिजोरम के आइजल जिले में मूसलधार बारिश के कारण भूस्खलन, और चट्टान गिरने की घटनाओं के मद्देनजर अधिकारियों ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। राज्य में 24 मई से हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन, घर ढहने और अन्य आपदाओं के कारण अब तक तीन म्यांमार शरणार्थियों सहित पांच लोगों की मौत हो चुकी है। 60 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। रविवार तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुल 211 भूस्खलनों की घटनाएं हुई है।

    कांग्रेस ने केंद्र से की पूर्वोत्तर राज्यों के लिए फंड मुहैया कराने की मांग

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति को लेकर सोमवार को मोदी सरकार पर हमला किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने पीएम केयर फंड से मदद देंगे। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, पूर्वोत्तर क्षेत्र विनाशकारी बाढ़, भूस्खलन और भारी बारिश से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को पूर्वोत्तर के सभी राज्यों, विशेष रूप से असम के लिए बाढ़ की तैयारी के लिए अधिक फंड जारी करना चाहिए। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, मैं केंद्र और राज्य सरकारों से अपील करता हूं कि वे राहत और बचाव कार्यों को तेज करें और जरूरतमंद सभी लोगों को सहायता प्रदान करें।

    मणिपुर में बाढ़ से 19,811 लोग प्रभावित

    मणिपुर में बाढ़ से 19,811 लोग प्रभावित हुए हैं। पिछले चार दिनों में लगातार मूसलधार बारिश के कारण 3,365 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सेना और असम राइफल्स के कर्मियों ने इंफाल पूर्व जिले से लगभग आठ सौ लोगों को बचाया।