विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जम्मू कश्मीर में घुसपैठ रोकने का नया प्लान, अमित शाह ने हाई लेवल मीटिंग में BSF को क्या दिए निर्देश?

Published: Tue, 11 Feb 2025 10:47 PM (IST)

Amit Shah जम्मू कश्मीर के सुरक्षा हालातों पर अमित शाह ने हाई लेवल मीटिंग की। इस बैठक में केंद्रीय गृह ...और पढ़ें

जम्मू कश्मीर के सुरक्षा हालातों पर अमित शाह ने हाई लेवल मीटिंग की। फोटो: ANI
जम्मू कश्मीर के सुरक्षा हालातों पर अमित शाह ने हाई लेवल मीटिंग की। फोटो: ANI

HighLights

  1. जम्मू कश्मीर के सुरक्षा हालातों पर अमित शाह ने हाई लेवल मीटिंग की
  2. बीएसएफ को दिए बार्डर ग्रिड मजबूत कर जीरो घुसपैठ सुनिश्चित करने के निर्देश
  3. जम्मू-कश्मीर में खुफिया तंत्र के कामकाज की भी की समीक्षा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक हफ्ते में दूसरी बार जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात पर उच्च स्तरीय बैठक की। चार और पांच फरवरी में हुई बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ-साथ सेना व जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

वहीं मंगलवार को हुई बैठक में सीआरपीएफ, बीएसएफ, खुफिया ब्यूरो के प्रमुखों के साथ गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अमित शाह ने जम्मू से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय सीमा से हो रही घुसपैठ को रोकने के लिए बीएसएफ को बॉर्डर ग्रिड को मजबूत करने और जीरो घुसपैठ सुनिश्चित करने के लिए उन्नत तकनीक के इस्तेमाल करने को कहा।

जम्मू क्षेत्र ऊंचाई वाले इलाकों पर ध्यान दे बीएसएफ: शाह

ध्यान देने की बात है जम्मू में पाकिस्तान से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी की जिम्मेदारी बीएसएफ की है। अमित शाह ने सीआरपीएफ को जम्मू क्षेत्र पर ध्यान देने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर स्थिति मजबूत करने को कहा। ध्यान देने की बात है कि पिछले साल जम्मू इलाके में कई आतंकी हमले हुए थे। इसे अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कर आने वाले आतंकियों ने अंजाम दिया था।

राज्य पुलिस के साथ बेहतर बन रहें तालमेल

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के बाद नई सरकार के गठन का हवाला देते हुए उन्होंने सीआरपीएफ को पहले की तरह राज्य पुलिस के साथ बेहतर तालमेल जारी रखने को कहा। अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में खुफिया ब्यूरो की कामकाज की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण खुफिया जानकारी जुटाने और इसके लिए कवरेज व पैठ बढ़ाने का निर्देश दिया।

अत्याधुनिक उपकरणों का ज्यादा से ज्यादा हो उपयोग

उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी जुटाने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल भी जरूरी है। शाह ने साफ किया कि आतंकी फंडिंग को रोकना, नार्को-टेरर गठजोड़ को खत्म करने के साथ ही जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद के पूरे इको सिस्टम को ध्वस्त करना मोदी सरकार की प्राथमिकता है।

राष्ट्रविरोधी तत्वों के नकारात्मक प्रचार का जमकर करें मुकाबला

उन्होंने खुफिया ब्यूरो से राज्य में राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा किये जा रहे नकारात्मक प्रचार से जमकर मुकाबला करने पर जोर दिया। उनके अनुसार लोगों के सामने सही तस्वीर पेश करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के पूरे सफाए तक सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और तालमेल के साथ काम करना जरूरी है।