Firing Near Akshardham Temple: सस्ती कैब सेवा उपलब्ध करा, लोगों को लूटते थे हमलावर
Firing Near Akshardham Temple Delhi अक्षरधाम मंदिर के समीप चार अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावर चार पहिया वाहन से आए थे।
नई दिल्ली, एजेंसी। अक्षरधाम मंदिर के समीप चार अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावर चार पहिया वाहन से आए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जब बदमाशों के वाहन को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद बदमाश गीता कालोनी की ओर भाग गए।
Jasmeet Singh DCP Delhi (East): This gang was involved in loot activities. They used to provide cab services to people at lower rates from the metro station & then used to loot them. pic.twitter.com/2dd8NKLxzj
— ANI (@ANI) September 22, 2019
दिल्ली ईस्ट के डीसीपी जसमीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने गीता कालोनी के फ्लाई ओवर तक बदमाशों का पीछा किया लेकिन वे फरार होने में सफल रहे। हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। बदमाशों का यह गैंग लूट की गतिविधियों में लिप्त था। बदमाश लोगों को मामूली रकम में कैब सर्विस उपलब्ध कराकर उन्हें अपना शिकार बनाते थे।
हमले में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस घटना की तहकीकात में जुट गई है। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस को पिछले कुछ दिनों से अक्षरधाम मंदिर के पास लूटपाट की शिकायतें मिल रही थी। इससे परेशान पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी।
बता दें कि दिल्ली/एनसीआर में आए दिन बदमाशों के साथ पुलिस मुठभेड़ की खबरें सामने आती रहती हैं। लेकिन दिन दहाड़े अक्षरधाम जैसे पर्यटन स्थल के समीम हुई इस वारदात से लोगों की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते शुक्रवार को ही दिल्ली के द्वारका के जाफरपुर कला इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच एक मुठभेड़ हुई थी। इसमें तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था जबकि एक को गोली लगी थी। बीते मंगलवार को नोएडा सेक्टर 39 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया था।