विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'नई ई-मेल आईडी, नो मनी और खूब सवाल..', क्‍या आप भी मैट्रिमोनियल साइट पर खोज रहे हैं जीवनसाथी; सरकार की एडवाइजरी पढ़ी?

Published: Thu, 16 Jan 2025 12:36 PM (IST)Updated: Thu, 16 Jan 2025 03:32 PM (IST)

देश में मैट्रिमोनियल साइट्स पर धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं जिससे कई लोग ठगी का शिकार हो रहे ...और पढ़ें

मैट्रिमोनियल साइट पर पार्टनर ढूढ़ते वक्‍त ये सावधानियां बरतें। जागरण ग्राफिक्‍स टीम।
मैट्रिमोनियल साइट पर पार्टनर ढूढ़ते वक्‍त ये सावधानियां बरतें। जागरण ग्राफिक्‍स टीम।

नई दिल्‍ली। शादी कब कर रही/रहे हो.. उम्र निकल रही है...शादी क्‍यों नहीं कर रही/रहे! शादी, शादी, शादी..सुनकर आप भी तंग आ गए और अगर आपने मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बना ली है। प्रोफाइल बनाते समय आपने उसी ईमेल आईडी को इस्तेमाल किया है, जिसे आप UPI के लिए भी इस्तेमाल करते हैं तो सतर्क हो जाइए। मैट्रिमोनियल साइट पर रिश्ते का झांसा देकर और भावनाओं से खिलवाड़ कर देश भर में हजारों लोगों से ठगी हुई है।

शादी के सपने दिखा 22 लाख की ठगी

चंडीगढ़ की रहने वाली सुनीता भल्ला एक प्राइवेट कंपनी में ऐप डेवलपर हैं। सुनीता अपनी कहानी बताती हैं, 'उन्होंने एक मैट्रिमोनियल साइट पर अकाउंट बनाया था। एक शख्स से उनकी बात शुरू हुई। बातचीत करने पर वह अच्‍छा लगने लगा। घर-परिवार, पसंद-नापसंद और शादी पर बातचीत हुई। शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं।'

एक रोज उसने कहा- अचानक एक इमरजेंसी आ गई है। 22 लाख रुपये की जरूरत है। अगर तुम अभी मदद कर सको तो प्लीज कर दो। मैं जल्द तुमको पूरा पैसा लौटा दूंगा। बैंक में कुछ इश्‍यू आ रहा है, इसलिए मैं अप्‍लाई नहीं कर पा रहा हूं। बहुत अर्जेंट है। आप चाहो तो पर्सनल लोन ले लो। मैं लोन सेटल कर दूंगा।

सुनीता कहती हैं कि मैंने अपनी सारी जमा-पूंजी इकट्ठी की। कुछ 12 लाख का लोन लिया और उसे पैसे दे दिया। उसके बाद से उसका नंबर बंद जा रहा है। जब ये सिलसिला तीन-चार दिन चला, तब दिमाग की बत्ती जली कि मेरा साथ फ्रॉड हुआ है। एफआईआर की।

बाद में जब इंक्वायरी हुई तो पता चला कि उसने जो भी बताया, वो सब झूठ था। जो भी दिखाया, वो सब फर्जी थी। कई दिनों तक सदमे में रही कि कोई ऐसा कैसे कर सकता है। अभी सदमे से उबरने गई हूं, लेकिन 27000 की ईएमआई भर रही हूं।

पैसे तो बच गए, लेकिन इमोशनली ठगी गई..

जयपुर की रहने वाली तृप्ति जडेजा दिल्‍ली-एनसीआर की एक निजी कंपनी में एचआर डिपार्टमेंट में काम करती हैं। तृप्ति जडेजा बताती हैं, शादी करने का ख्याल मन में आया तो मैंने भी एक मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई। एक लड़के से बात हुई।

गोरा, लंबा-चौड़ा और दिखने में किसी मॉडल सा। बात करके लगा कि वाइब्स मिल रही हैं। उसने बताया कि वह अभी यूके में है और वापस इंडिया सेटल होने का प्‍लान कर रहा है। यह सुनकर मुझे लगा कि ठीक है, मुझे देश के बाहर जाकर सेटल नहीं होना है, लेकिन वो देश लौट रहा है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है।

15 दिन के भीतर ही उसने इंडिया आने की जानकारी दी। कहा कि मुझे अपना कुछ सामान पार्सल करना है, जिसमें मेरे कुछ खानदानी सामान हैं, जो हमारी सगाई और शादी के लिए हैं, उनको भेजना है। आप अपना एड्रेस बता दीजिए।

मैट्रिमोनियल साइट पर तृप्ति जडेजा की इसी विनोद कुमार नाम का जालजास से बात हुई।  

मैंने कहा- आप आइए सामान अपने किसी जानने वाले के यहां भेज दीजिए। पहले हम मिलते हैं फिर शादी के बारे में सोचेंगे, अभी मैंने सोचा नहीं है। अगले दिन से उसने स्‍वीट-स्‍वीट से मैसेज भेजने शुरू कर दिए, जिन्हें वो जमकर प्यार जताता।

फिर उसने बताया कि मैं निकल गया हूं। 23 घंटे लगेंगे। मैंने जो सामान भेजा है, ये उसका लिंक है, आप ट्रैक कर लीजिएगा। पहले एड्रेस और फिर सामान का लिंक.. मुझे कुछ सही नहीं लग रहा था, लेकिन मैंने जवाब में कहा-ठीक है।

तृप्ति जडेजा और विनोद कुमार नाम के शख्‍स की बातचीत के स्‍क्रीनशॉट, जिसमें उसने फर्जी डॉक्‍यूमेंट भी शेयर किए हैं।

अगले दिन उसने एयरपोर्ट के फोटो भेजे। पैनिक आवाज में मुझे कॉल किया और बताया कि बेबी, मुझे कस्‍टम वालों ने यहां बिठा लिया है। मेरा फोन भी ले लिया था। मैं भूखा हूं, थका हूं और आपसे मिलने के लिए मरा जा रहा हूं। ये लोग दो लाख रुपये मांग कर रहे हैं। मैं इनसे पूछकर अकाउंट नंबर देता हूं, प्लीज बेबी पैसे ट्रांसफर कर मुझे छुड़वा लो।

 मैंने कहा- अधिकारियों से बात करवाओ। उसने कहा कि ये लोग अच्‍छा बिहेव नहीं कर रहे हैं मेरे साथ। फोन भी ले रहे हैं। मैंने कहा कि मीटिंग में हूं। बाद में बात करती हूं। कुछ-कुछ समय के अंतराल पर उसके लगातार मैसेज आते रहे कि बेबी पैसे भेजो। बेबी मुझे छुड़वा लो। ये लोग पीने के लिए पानी भी नहीं दे रहे हैं। मैं आपके लिए इंडिया आया हूं।

तृप्ति जडेजा की इसी विनोद कुमार की बातचीत के स्‍क्रीनशॉट, जिसमें उसने अकाउंट नंबर भी शेयर किया है।

अब तक मैं उसके भेजे सारे फोटो वेरीफाई कर चुकी थी। सब फर्जी थे। उसके बाद मैंने प्यार से मैसेज लिखा- बेबी मैं पुलिस में हूं। एयरपोर्ट पर बात की, लेकिन आप वहां नहीं है। आपके भेजे फोटो भी फर्जी हैं, यह सुनते ही उसने कॉल काट दी और मुझे ब्‍लॉक कर दिया। मैं ठगी का शिकार होने से बच गई, लेकिन भावनात्मक प्रताड़ना से नहीं बच सकी। 20-25 दिन में मुझे उसकी आदत हो चुकी थी।

सुनीता भल्ला और तृप्ति जडेजा सिर्फ दो महिलाओं के उदाहरण हैं। मैट्रिमोनियल साइट पर महिला और पुरुष समेत हजारों लोग अपना अकाउंट खाली करवा बैठे। डिप्रेशन में चले गए।

इन्हीं में से कुछ पीड़ितों से बातचीत के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से एक एडवाइजरी तैयार की गई है, जिसमें लोगों को इस तरह की ठगी से बचने के सुझाव दिए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी इस  एडवाइजरी में ठगों को कैसे पहचानें, यह भी बताया गया है।

यह भी पढ़ें : न देखा न मिली..., फिर भी बॉबी को दिल दे बैठी, कैसे नौ साल तक CatFishing की शिकार हुई कीरत

एडवाइजरी में क्‍या सुझाव दिए गए?

  • वेरिफाइड मैट्रिमोनियल साइट ही चुनें : मैट्रिमोनियल एप व वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन से पहले उसको वेरीफाई करें। रिव्‍यू जरूर देखें।
  • ईमेल आईडी नई बनाएं : मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाते समय नई या फिर उस ई-मेल आईडी का इस्तेमाल करें, जिससे आपका यूपीआई लिंक न हो। बातचीत के लिए यही तरीका अपनाएं। अपना फोटो, घर का पता और यूपीआई से लिंक मोबाइल नंबर साझा न करें।
  • बैकग्राउंड जरूर जांचें: अगर मिलकर और बातचीत करने पर आपको सब ठीक लग रहा है। तब भी रिश्‍ता तय करने से पहले वर या वधु के बारे में सभी जानकारियां पता करें। उसके ऑफिस, परिवार, दोस्‍त, रिश्‍तेदार और पड़ोसी से बात जरूर करें।
  • परिवार को हमेशा और पूरी जानकारी दें: मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर हुए किसी मैच के बारे में परिवार को जरूर बताएं। ताकि परिवार के स्‍तर पर संभावित मैच के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

यह भी पढ़ें : डिजिटल अरेस्ट कैसे किया जाता है? पार्सल, गिफ्ट और वॉट्सएप कॉल पर असली सा दिखने वाला अधिकारी; क्‍या है पूरा खेल?

  • परिवार को मुलाकात के बारे में बताएं: मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मिले भविष्‍य के संभावित साथी से हमेशा सार्वजनिक स्‍थान पर ही मिलें। इसके बारे में परिवार को और दोस्तों को बताएं।
  • खूब सवाल पूछें: मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मिले शख्स से बातचीत के दौरान खूब सवाल पूछें, ताकि आप संभावित पार्टनर को बेहतर तरीके से जान पाएंगे।
  • पैसा मांगे तो मना कर दें: मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मिला संभावित पार्टनर इमरजेंसी का हवाला देकर मदद मांगे तो साफ मना कर दें। अगर वह बार-बार पैसे मांगे तो सतर्क होने की जरूरत है।
  • NRI प्रोफाइल से बात करते हुए सतर्क रहें: एनआरआई प्रोफाइल के साथ बातचीत करते समय ज्‍यादा सजग रहें। आमने-सामने मिले बिना शादी के लिए बिल्कुल हां न करें।

कैसे पहचानें?

  • अगर कोई व्यक्ति वीडियो चैट पर आने या आमने-सामने मिलने पर झिझकता है तो वह धोखेबाज हो सकता है।
  • सोशल मीडिया पर प्रोफाइल न होना या फिर बहुत कम दोस्‍त  और पोस्‍ट होने पर भी सजग हो जाएं।
  • शुरुआती बातचीत में ही आपकी आर्थिक स्थिति जैसे- कितना कमाते हैं, कितना बचाते हैं, अकाउंट में कितना पैसा है जैसी बातें पूछना।
  • अगर कोई एक-दो बार बात होने पर प्‍यार का इजहार करे और जल्‍द से जल्‍द शादी करने की बात करना।
  • बार-बार नंबर बदले। आपकी कॉल का जवाब न दे और नए नंबर से कॉल कर अजीब सा  बहाना बनाए। 

फ्रॉड होने पर क्‍या करें?

अगर आपके साथ भी मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर कोई धोखाधड़ी हुई है या फिर कोई अन्‍य साइबर अपराध हुआ है तो उसकी सूचना अपने नजदीकी थाने या डायल 100 पर दें। इसके साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in या @Cyber Dost पर भी सूचित कर सकते हैं।

मेट्रिमोनियल फ्रॉड बनी ये सीरीज

  • द टिंडर स्विंडलर
  • वेडिंग डॉट कॉम
  • जामताड़ा: सबका नंबर आएगा 

यह भी पढ़ें- साइबर ठगी के इन 14 तरीकों से रहें सावधान! पलक झपकते ही खाली हो सकता है अकाउंट; क्‍या हैं बचने के उपाय?

Source:  

  • मैट्रिमोनियल वेबसाइट की पीड़िता सुनीता भल्‍ला और तृप्ति जडेजा (बदले हुए नाम) से बातचीत। 
  • गृह मंत्रालय की एडवाइजरी: https://shorturl.at/3TVGP