Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Mumbai Rains News: मुंबई में मूसलाधार बारिश, नांदेड में बांध टूटने से पांच बहे; स्कूल-कॉलेज बंद

    Updated: Mon, 18 Aug 2025 09:23 PM (IST)

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कल मुंबई शहर और उपनगरों के सभी सरकारी निजी और नगरपालिका स्कूल और कॉलेज आज बंद रहेंगे। मुंबई रायगढ़ पुणे घाट सतारा घाट रत्नागिरी और कोल्हापुर घाट समेत कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पालघर ठाणे सिंधुदुर्ग जलगांव छत्रपति संभाजीनगर जालना बीड लातूर अमरावती चंद्रपुर और गढ़चिरौली सहित कई जिलों को ऑरेंज अलर्ट के तहत रखा गया है।

    Hero Image
    मुंबई में मूसलाधार बारिश, नांदेड में बांध टूटने से पांच बहे; स्कूल-कॉलेज बंद

    राज्य ब्यूरो, मुंबई। मुंबई में पिछले तीन दिन से हो रही मूसलाधार बारिश की तीव्रता आज कोंकण, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र में भी पहुंच गई। नांदेड़ में एक बांध टूट जाने से पांच लोग बह गए हैं। मुंबई के चेंबूर में एक पहाड़ी पर बनी सुरक्षा दीवार ढह जाने से दो घर गिर गए, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक ऐसी ही मूसलाधार बरसात जारी रहने की संभावना जताई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुंबई में 15 अगस्त की रात से ही रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी है। रविवार रात में बरसता का तीव्रता कम थी। लेकिन सोमवार सुबह आठ बजे के बाद से पूरे दिन तेज बारिश होती रही। सुबह बरसात कम होने के कारण सुबह की पाली के स्कूल-कॉलेज खुले थे।

    बच्चों के स्कूल पहुंचने के बाद तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जिसके कारण दोपहर की पाली के स्कूल बंद रखे गए। सुबह स्कूल गए बच्चों को घर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    लोगों को घर जाने के निर्देश

    मुंबई में कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मी बच्चों को उठाकर बसों में बैठाते देखे गए, तो ठाणे में नाव से बच्चों से सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया। मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर कई किमी. लंबा जाम लगा दिखाई दिया, और लोकल ट्रेनें भी देरी से चलती रहीं। मंत्रालय एवं अन्य सरकारी कार्यालयों में भी शाम चार बजे ही लोगों को घर जाने के निर्देश दिए गए।

    स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश

    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में पूरे महाराष्ट्र की स्थितियों की समीक्षा के बाद कहा कि सोमवार-मंगलवार की रात्रि भी मुंबई में मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसी संभावना देखते हुए मुंबई सहित पड़ोस के जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

    बांध टूट जाने से पांच लोग बह गए

    बारिश की तीव्रता आज महाराष्ट्र के अंदरूनी हिस्सों में भी नजर आई। विशेष तौर पर मराठवाड़ा प्रभावित दिखा। नांदेड़ के मुखेड़ तालुका में बादल फटने जैसी घटना से तेज बारिश हुई और एक बांध टूट जाने से पांच लोग बह गए।

    चार लाख हेक्टेअर फसल का नुकसान

    मुख्यमंत्री फडणवीस के अनुसार नांदेड़ एवं उसके आसपास के जिलों की नदियों में बाढ़ के कारण कई गांवों में बाढ़ की स्थिति है और चार लाख हेक्टेअर फसल का नुकसान हुआ है। यहां लोगों की मदद के लिए एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के अलावा सेना के जवानों को भी आगे आना पड़ा है।

    यह भी पढ़ें- लोखंडवाला, कुर्ला और अंधेरी जलमग्न... मुंबई में बारिश बनी आफत, लोकल ट्रेनों के लेट होने से भी लोग परेशान