Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रंगभेद के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाली मॉडल सैन रेचल ने की खुदकुशी, इस वजह से तोड़ दिया जिंदगी से नाता

    San Rachel Suicide मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया स्टार सैन रेचल ने आर्थिक तनाव और निजी दबाव के चलते आत्महत्या कर ली। रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाने वाली 26 वर्षीय सैन ने भारी मात्रा में गोलियां निगल ली थीं। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उनकी मौत ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है।

    By Digital Desk Edited By: Chandan Kumar Updated: Mon, 14 Jul 2025 12:24 PM (IST)
    Hero Image
    मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया स्टार सैन रेचल की हाल ही में शादी हुई थी।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया स्टार सैन रेचल ने रविवार को खुदकुशी कर ली। 26 साल की सैन मनोरंजन जगत में रंगभेद के खिलाफ अपनी बुलंद आवाज के लिए जानी जाती थीं। उनकी हाल ही शादी हुई थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुडुचेरी के जिपमर (जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च) में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे पहले उन्हें दो अन्य अस्पतालों में ले जाया गया था। उनकी मौत ने पूरे देश में हलचल मचा दी है। वह पुडुचेरी की रहने वाली थीं।

    पुलिस के मुताबिक, सैन ने अपने पिता के घर पर भारी मात्रा में गोलियां निगल ली थीं। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर जिपमर में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।

    क्यों कर ली आत्महत्या?

    पुलिस जांच में पता चला है कि सैन भारी आर्थिक तनाव और निजी दबाव से जूझ रही थीं। उन्होंने अपने पेशेवर कामों के लिए हाल के महीनों में अपने गहने बेचे और गिरवी रखे थे। सूत्रों के अनुसार, सैन को अपने पिता से आर्थिक मदद की उम्मीद थी, लेकिन पिता ने अपने बेटे की जिम्मेदारियों का हवाला देकर असमर्थता जताई।

    पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें सैन ने लिखा कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए। फिर भी, उनकी हाल की शादी को देखते हुए तहसीलदार स्तर की जांच के आदेश दिए गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वैवाहिक समस्याओं ने उनकी मानसिक स्थिति को प्रभावित किया।

    रंगभेद के खिलाफ बुलंद आवाज थी सैन

    सैन रेचल ने मॉडलिंग की दुनिया में अपनी खास जगह बनाई थी। वह न सिर्फ अपने काम के लिए जानी जाती थीं, बल्कि भारतीय सिनेमा और फैशन में सांवले रंग के प्रति भेदभाव के खिलाफ उनकी जंग ने भी उन्हें सुर्खियों में रखा था।

    2022 में मिस पुडुचेरी का खिताब जीतने वाली सैन ने हमेशा समावेशिता और प्रतिनिधित्व के लिए आवाज उठाई थी। वह सोशल मीडिया पर सांवले रंग वाली महिलाओं के खिलाफ होने वाले भेदभाव पर खुलकर बोलती थीं और इस मुद्दे पर अहम बहस छेड़ती थीं। उनकी यह लड़ाई कई लोगों के लिए प्रेरणा थी।

    हेल्पलाइन (Helpline): यदि आप भी किसी तरह की मानसिक परेशानी से जूझ रहे हैं या फिर ऐसी समस्या झेल रहे किसी शख्स को आप जानते हैं तो नीचे दी गई जानकारी मददगार साबित हो सकती है। सरकार की हेल्पलाइन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क किया जा सकता है।

    केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट: https://telemanas.mohfw.gov.in/home

    डॉक्टरी सलाह लेने के लिए टोल फ्री नंबर पर डायल करें: 18008914416

    मानसिक स्वास्थ्य सहायता और संसाधनों तक पहुंचने के लिए टेली मानसिक वेबसाइट (https://telemanas.mohfw.gov.in/home) से एप भी डाउनलोड कर सकते हैं।

    यह भी पढ़ें: SCO समिट और मानसरोवर यात्रा पर फोकस... गलवान झड़प के बाद पहली बार चीन पहुंचे जयशंकर; चीनी उपराष्ट्रपति से क्या हुई बात?