Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    पटरी पर लौट रही दुनिया, माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से ठप हुई थीं कई देशों की उड़ानें; बैंकिंग समेत ये सेवाएं भी हुईं प्रभावित

    By Agency Edited By: Sachin Pandey
    Updated: Sat, 20 Jul 2024 10:25 PM (IST)

    Microsoft outage माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के कारण प्रभावित हुईं सेवाएं अब धीरे-धीरे पटरी पर आ रही हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को एक सॉफ्टवेयर अपडेट से सर्वर में एरर जा जाने के कारण पूरी दुनिया का कामकाज ठप हो गया था। कई देशों की उड़ानें प्रभावित हुई थीं तो बैंकिंग आईटी मीडिया से लेकर अन्य क्षेत्रों में इसका असर देखा गया था। हालांकि शनिवार को सबकुछ सामान्य होते देखा गया।

    Hero Image
    ब्रिटेन समेत कई देशों में एयरलाइन सेवाएं अभी भी सामान्य नहीं हुई हैं।

    एजेंसी, नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के कारण लगभग ठप हुई दुनिया शनिवार को पटरी पर लौटती दिखी। एयरलाइंस से लेकर स्वास्थ्य सेवा, बैंकिंग की ऑनलाइन सेवाएं सामान्य तरीके से काम कर रही हैं। हालांकि ब्रिटेन समेत कई देशों में एयरलाइन सेवाएं अभी भी सामान्य नहीं हुई हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मैनचेस्टर हवाईअड्डे पर यात्रियों की मैन्युअल जांच की जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट आउटेज (गड़बड़ी) कारण कई देशों में उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। बैंकों एवं अस्पतालों की प्रणालियां ऑफलाइन हो गईं एवं मीडिया प्रतिष्ठानों का कामकाज रुक गया था। भारत के जनजीवन पर भी इसका व्यापक असर हुआ था।

    भारत में सामान्य हुईं विमान सेवाएं

    भारतीय हवाईअड्डों पर विमान सेवाएं शनिवार सुबह तीन बजे से सामान्य रूप से शुरू हो गई हैं। एएनआई के अनुसार नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने शनिवार को कहा कि सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। यात्रियों को अब समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है। मंत्री ने कहा, 'माइक्रोसॉफ्ट की समस्या सुलझ गई है। पूरे देश में अब पहले की तरह शेड्यूल का पालन किया जा रहा है।'

    डीजीसीए ने कहा है कि फ्लाइट संचालन फिर से सामान्य रूप से शुरू हो गया है। हालांकि देशभर के विभिन्न हवाईअड्डों पर यात्रियों को दूसरे दिन भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बीच आईएएनएस के अनुसार एअर इंडिया ने शनिवार को कहा कि माइक्रोसॉफ्ट आउटरेज के कारण उसकी एक भी उड़ान रद्द नहीं की गई, केवल कुछ उड़ानों में देरी हुई।

    माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का कारण साइबर हमला नहीं

    क्राउड स्ट्राइक साइबर-सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म क्राउड स्ट्राइक ने शनिवार को बताया कि माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का कारण साइबर हमला नहीं है। क्राउड स्ट्राइक के सीईओ जार्ज कु‌र्ट्ज ने आउटेज के लिए माफी मांगी है। क्राउड स्ट्राइक ने समझाया कि किस वजह से शुक्रवार को आउटेज से दुनिया को जूझना पड़ा था। क्राउड स्ट्राइक (साइबर सिक्यूरिटी देने वाली सॉफ्टवेयर कंपनी) ने बताया 19 जुलाई को सुबह 9.30 बजे (भारतीय समयानुसार) उसने विंडोज सिस्टम के लिए सेंसर कॉन्फिगुरेशन अपडेट जारी किया।

    साइबर सुरक्षा के लिए अपडेट जारी किया जाता है। कॉन्फिगरेशन अपडेट में एरर आ जाने या तकनीकी तालमेल नहीं बैठने के कारण एक के बाद करोड़ों कंप्यूटरों के स्क्रीन नीले (ब्लूस्क्रीन ऑफ डेथ) हो गए। इसे सुबह लगभग 10.57 बजे ठीक कर दिया गया।

    टेक्नोलॉजी की कमजोरी को उजागर करती है विफलता

    क्राउड स्ट्राइक की विफलता वैश्विक रूप से जुड़ी प्रौद्योगिकी की कमजोरी को उजागर करती है। क्राउड स्ट्राइक दुनियाभर में एयरलाइंस, बैंक, अस्पताल और अन्य संगठनों को कंप्यूटर सिस्टम को हैकर्स और डाटा सेंधमारी से बचाने के लिए साइबर सुरक्षा सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनी है।

    कार्नेल विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर ग्रेगरी फाल्को ने कहा, 'यह उस समरूप प्रौद्योगिकी का नतीजा है, जो हमारी समस्त आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर की रीढ़ है। इस गड़बड़ी का कारण यह है कि हम बहुत कम कंपनियों पर निर्भर हैं।'

    'क्राउड स्ट्राइक की बड़ी गलती'

    साइबर सुरक्षा विश्लेषक रिचर्ड स्टीनन ने कहा कि यह 'क्राउड स्ट्राइक' की बड़ी गलती थी। पिछले 24 वर्षों से साइबर सुरक्षा उद्योग पर नजर रखने वाले स्टीनन ने कहा, 'यह निश्चित रूप से किसी भी सुरक्षा सॉफ्टवेयर प्रदाता की अब तक की सबसे बड़ी गलती या गड़बड़ी है।' विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक कि आपात हालात से निपटने के लिए नेटवर्क में बेहतर बैक-अप सिस्टम नहीं बनाया जाता, आउटेज की घटनाओं को नहीं रोका जा सकता। इस बीच क्राउडस्ट्राइक के शेयर में 11 प्रतिशत की गिरावट आई है।

    तकनीकी निर्भरता के हैं अपने नुकसान

    प्रधान न्यायाधीश डीवाई. चंद्रचूड़ ने माइक्रोसॉफ्ट आउटरेज का उदाहरण देते हुए शनिवार को कहा कि प्रौद्योगिकी पर निर्भरता के अपने नुकसान हैं। मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने कहा, 'मैं प्रौद्योगिकी के लाभों का प्रबल समर्थक हूं, लेकिन शुक्रवार को हमने प्रौद्योगिकी पर निर्भरता के प्रतिकूल प्रभाव देखे। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में व्यवधान के बाद पूरे देश में उड़ानें रद्द कर दी गईं।'