Meghalaya Polls: भाजपा ने मेघालय में कसी कमर, प्रदेश प्रमुख ने कहा- सरकार बनने पर देंगे खान-पान में छूट
मेघालय में चुनावी वैतरणी पार करने के लिए भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। इस ईसाई बहुल प्रदेश में अपने जनाधार को मजबूत बनाने के लिए पार्टी राज्य में गोमांस खाने की अनुमति देने के लिए भी तैयार है। Photo- Ernest Mawrie Twitter

मेघालय, एएनआई। मेघालय में चुनावी वैतरणी पार करने के लिए भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। इस ईसाई बहुल प्रदेश में अपने जनाधार को मजबूत बनाने के लिए पार्टी राज्य में गोमांस खाने की अनुमति देने के लिए भी तैयार है। मेघालय भाजपा प्रमुख अर्नेस्ट मावरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो पार्टी गोमांस पर प्रतिबंध नहीं लगाएगी।
भाजपा के प्रदेश प्रमुख का कहना है कि मेघालय ईसाई-बहुल राज्य है। अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो पार्टी ईसाइयों को अधिक सुरक्षा प्रदान करेगी।
मांस के सेवन पर भाजपा नहीं लगाएगी प्रतिबंध
भाजपा नेता ने राज्य के लिए पार्टी के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी मेघालय में गोमांस के सेवन पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाएगी। उन्होंने कहा कि यहां कई लोग सुअर, गोमांस, चिकन और मछली खाते हैं। इससे पार्टी को कोई समस्या नहीं है। इस बारे में कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। मेघालय भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मेघालय में अगली सरकार बनाने के लिए पार्टी कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के साथ नहीं जाएगी।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि अगर हमें बहुमत मिलेगा, हम तभी सरकार बनाएंगे। मेघालय में बुनियादी ढांचे, अच्छे अस्पतालों, इंजीनियरिंग कॉलेजों और अच्छे हवाई अड्डों का अभाव है। बेरोजगारी दर भी काफी अधिक है। भाजपा सबसे पहले इन चीजों को ठीक करेगी। पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में लोगों से इसका वादा किया है।
प्रधानमंत्री ने किया मेघालय का दौरा
बता दें कि इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को मेघालय का दौरा किया और शिलांग में रैली और रोड शो किया। मालूम हो कि मेघालय में नागालैंड के साथ 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। वहीं, 2 मार्च को परिणाम घोषित होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।