देवानंद के निधन पर प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देवानंद के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक महान कलाकार बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जीवनभर फिल्मों के निर्माण और अभिनय का जुनून रहा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देवानंद के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक महान कलाकार बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जीवनभर फिल्मों के निर्माण और अभिनय का जुनून रहा।
प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, कि देवानंद एक महान कलाकार थे जिन्होंने पांच दशक से अधिक समय तक सिनेप्रेमियों का मनोरंजन किया।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भी देवानंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह ऐसी आदर्श हस्ती थे जिन्होंने अनगिनत फिल्म प्रेमियों का मनोरंजन किया। चव्हाण ने मुंबई में कहा कि उन्हें हमेशा हिंदी सिनेमा के सदाबहार नायक के रूप में याद किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख ने कहा कि टीवी पर उनके निधन की खबर सुन कर मैं स्तब्ध रह गया। देव साहब कालेज के दिनों से ही हमारे आदर्श होते थे। हम उनकी फिल्मों के प्रदर्शन की बेसब्री से प्रतीक्षा किया करते थे। युवा उनके स्टाइल और एक्शन से खिंचे रहते थे।' केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि जीवन और सिनेमा के प्रति देवानंद का प्यार उनकी फिल्मों के जरिए जीवित बना रहेगा।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि देवानद फिल्म उद्योग और देश को भगवान की ओर से भेंट थे। वह अंतिम समय तक सक्रिय रहे और फिल्मों का निर्माण करते रहे। महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि उनके निधन से भारतीय सिनेमा को अपूर्णीय क्षति हुई है। सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने भी सदाबहार अभिनेता देवानंद के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि फिल्म जगत ने सही मायने में एक जीनियस खो दिया है।
सोनी ने अपने शोक संदेश में कहा, 'देव आनंद सही मायने में एक सदाबहार अभिनेता थे और उनके निधन के साथ एक युग समाप्त हो गया है। पाच दशकों से अधिक लंबे कैरियर में देवानंद ने हमें ऐसी फिल्में दीं जो सालों तक हमारे दिमाग में रहेंगी।'
अभिनेता देवानंद का बीती रात लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सोनी ने देव साहब के सिनेमा में योगदान के साथ ही सामाजिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए भी याद किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का कोई मुकाबला नहीं था तथा सिनेमा में भी उन्होंने जिन मुद्दों को उठाया उनसे समाज में नए मापदंड स्थापित करने में मदद मिली। उन्हें हमेशा एक महान व्यक्तित्व के रूप में याद किया जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।