CAA पर लोगों को किया जा रहा गुमराह, अमित शाह बोले- आवेदन भरें, सभी को नागरिकता दी जाएगी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को बंगाल और बिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। गृह मंत्री की पहली सभा बंगाल के बालुरघाट में भाजपा उम्मीदवार सुकांत मजूमदार के समर्थन में हुई। यहां गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल में अवैध तरीके से घुसपैठ जारी है। ममता दीदी इसे नहीं रोकेंगी क्योंकि घुसपैठिए उनका वोट बैंक हैं । भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में घुसपैठ रोकी जाएगी।
जागरण टीम, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को बंगाल और बिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। बंगाल में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा तो बिहार में कहा कि नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दीजिए, दुनिया में भारत के अर्थतंत्र को तीसरे नंबर पर पहुंचा देंगे।
गृह मंत्री की पहली सभा बंगाल के बालुरघाट में भाजपा उम्मीदवार सुकांत मजूमदार के समर्थन में हुई। यहां गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल में अवैध तरीके से घुसपैठ जारी है। ममता दीदी इसे नहीं रोकेंगी क्योंकि घुसपैठिए उनका वोट बैंक हैं। भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में घुसपैठ रोकी जाएगी। हमने असम में घुसपैठ रोकी।
ममता दीदी, आप तो महिला मुख्यमंत्री हैं
संदेशखाली कांड पर उन्होंने कहा कि ममता दीदी, आप तो महिला मुख्यमंत्री हैं, फिर भी संदेशखाली जैसी शर्मनाक घटना पर आप राजनीति कर रही हैं। आपकी नाक के नीचे अत्याचार होता रहा और जब टीएमसी के गुंडों को ईडी पकड़ने गई तब उन पर हमला-पथराव किया गया। वोट के लिए संदेशखाली के गुनहगारों को बचा रही हैं।
'मैं आपको मोदी की गारंटी देने आया हूं'
गृह मंत्री शाह ने भीड़ से कहा कि मैं आपको मोदी की गारंटी देने आया हूं। कम्युनिस्ट पार्टियां और तृणमूल कांग्रेस इस क्षेत्र में गरीबी के लिए जिम्मेदार हैं। 2014 में बंगाल की जनता ने हमें केवल दो सीटें दी और फिर 2019 में 18 सीटें दीं। 2024 में हमें 30 सीटें दें, हमें मजबूत बंगाल भी बनाना होगा। सीएए पर जनता को गुमराह कर रहीं ममता : उन्होंने कहा कि ममता सीएए को लेकर बंगाल के लोगों को गुमराह कर रही हैं। वह कहती हैं कि अगर आवेदन दिया तो आपकी नागरिकता चली जाएगी। मैं आपसे कहने आया हूं कि बिना डरे जितने भी शरणार्थीं हैं, आवेदन भरें, सभी को नागरिकता दी जाएगी। हमारा वादा है।
बंगाल के लोगों को नहीं मिल रहा इसका लाभ
शाह ने कहा कि बंगाल के लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ममता ने इसे लागू ही नहीं किया है। कांग्रेस, टीएमसी और कम्युनिस्ट पार्टी वाले 70 वर्षों से राम मंदिर को लटका रहे थे। मोदी सरकार आई तो राम मंदिर मुद्दे का फैसला भी आ गया, भूमि पूजन हो गया और राम मंदिर का निर्माण भी हो गया। 500 साल बाद, रामलला अपने भव्य मंदिर में रामनवमी को अपना जन्मदिन मनाएंगे।
तीसरी बार बनाएं देश का प्रधानमंत्री
बिहार के औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र के गया जिले में अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बना दीजिए, दुनिया में भारत के अर्थतंत्र को तीसरे नंबर पर पहुंचा देंगे। विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस के सांसद देश के टुकड़े करने की बात करते हैं और राहुल, सोनिया गांधी इस पर चुप्पी साध लेते हैं। कांग्रेस और राजद समेत इंडी अलायंस कि पार्टियां केवल भ्रष्टाचार कर सकते हैं और जंगलराज दे सकते हैं, लेकिन देश का विकास नहीं कर सकते हैं।
कांग्रेस और राजद ने 12 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार किया
कांग्रेस और राजद ने 12 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि 23 साल से मोदी मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री हैं, चार आने के भ्रष्टाचार का आरोप कोई नहीं लगा सका है। उन्होंने भीड़ से पूछा कि जनता के करोड़ों रुपये डकार कर अपने घरों में रखने वालों को जेल भेजना चाहिए कि नहीं? लोगों ने भी हाथ उठा कर उनका समर्थन किया।
राम मंदिर की चर्चा करते हुए उन्होंने जनता से सवाल किया कि राम मंदिर बनना चाहिए था कि नहीं? शाह ने कहा कि इस बार 17 अप्रैल को भव्य राम मंदिर में रामलला पहली बार रामनवमी मनाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व राजद की सरकार आई गई, लेकिन कर्पूरी ठाकुर को कभी भारत रत्न नहीं दिया। उन्होंने बिहार की जनता प्रार्थना की कि इस बार 40 में से 40 सीटें एनडीए की झोली में डाल दीजिए।
यह भी पढ़ें: धारवाड़ सीट से प्रमुख संत ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को दी चुनौती, कांग्रेस कर रही इस बात पर विचार
यह भी पढ़ें: अरुणाचल प्रदेश चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया 'संकल्प पत्र', बोले- 'विक्सितअरुणाचल' के सपने को करेंगे साकार