Lok Sabha Election: चुनावी दंगल के लिए बीजेपी सजाएगी कबड्डी के मैदान, गांव-गांव में प्रतियोगिताएं कराने का लिया फैसला
लोकसभा के चुनावी दंगल में उतरने के लिए राजनीतिक दलों ने कसरत तेज कर दी है। भाजपा भी अलग-अलग वर्गों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के अभियान-कार्यक्रम बना रही है। अब गांवों में रहने वाली बड़ी आबादी के लिए भाजपा किसान मोर्चा ने कमर कस ली है। इसी तरह कुछ कार्यक्रम भूतपूर्व सैनिकों के लिए भी आयोजिक करवाए जाएंगे।

जितेंद्र शर्मा, नई दिल्ली। लोकसभा के चुनावी दंगल में उतरने के लिए राजनीतिक दलों ने कसरत तेज कर दी है। भाजपा भी अलग-अलग वर्गों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के अभियान-कार्यक्रम बना रही है। अब गांवों में रहने वाली बड़ी आबादी के लिए भाजपा किसान मोर्चा ने कमर कस ली है।
ग्रामीण युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए जहां सांसद खेलकूद प्रतियोगिता की तर्ज पर हर जिले में कबड्डी प्रतियोगिताएं कराने का निर्णय लिया है, वहीं 'जय जवान-जय किसान' के संदेश के साथ भूतपूर्व सैनिकों के लिए अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कभी शहरी क्षेत्र की पार्टी कही जाने वाली भाजपा ने 2014 के बाद से ग्रामीण इलाकों में भी अपनी पकड़ मजबूत की है।
ताकि ग्रामीण मतदाता बीजेपी के पाले में बने रहें
इसकी काट के लिए विपक्षी दल ग्रामीणों-किसानों से जुड़े मुद्दों को समय-समय पर हवा देने का प्रयास करते हैं, वहीं भाजपा का प्रयास है कि ग्रामीण मतदाता उसके पाले में बने रहें। किसानों के लिए लाभकारी नीतियां-योजना बनाने पर मोदी सरकार जोर दे भी रही है और अब चुनावी अभियान के तहत भाजपा किसान मोर्चा ने संगठन की कुछ गतिविधियों की रूपरेखा बनाई है।
हर जिले में कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि मोर्चा द्वारा सांसद खेलकूद प्रतियोगिता की तर्ज पर ही हर जिले में कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। चूंकि, कबड्डी में ग्रामीण युवाओं की रुचि अधिक रहती है, इसलिए इस आयोजन से गांवों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं का संपर्क बढ़ेगा।
भूतपूर्व सैनिकों के लिए भी कार्यक्रम होंगे
इसी तरह कुछ कार्यक्रम भूतपूर्व सैनिकों के लिए भी होंगे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भारतीय सेना, अद्धसैनिक बल या पुलिस सेवा से निवृत्त होकर अपने-अपने गांवों में लौटते हैं। इनमें राष्ट्र भावना भी काफी मजबूत होती है। पार्टी इन भूतपूर्व सैनिकों के साथ कुछ गतिविधियां करेगी। सेवानिवृत्त सैनिक किसानों के परिवारों से हैं, इसलिए इनके माध्यम से भाजपा जय जवान-जय किसान का संदेश प्रसारित करेगी। राजकुमार चाहर ने बताया कि कुछ कार्यक्रम अभी नवंबर में शुरू कर दिए जाएंगे तो कुछ पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद किए जाएंगे।
गांवों की परिक्रमा करेंगे भाजपा नेता
भाजपा किसान मोर्चा ने गांव परिक्रमा का कार्यक्रम भी तैयार किया है। लक्ष्य है कि भाजपा के स्थानीय नेताओं के साथ क्षेत्र के बड़े नेता वहां के एक-एक गांव की परिक्रमा करेंगे। वहां कुछ चौपाल आदि के कार्यक्रम कर गांवों को मोदी सरकार द्वारा दस वर्ष में किए गए कार्य गिनाएंगे।
इसके साथ ही गांवों के विकास, ग्रामीणों-किसानों के हित में उठाए गए कदमों पर खास तौर पर चर्चा की जाएगी। वक्ता के रूप में मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी रह सकते हैं। इन सभी कार्यक्रमों के समापन के रूप में पार्टी दिल्ली में किसानों की रैली करने पर भी विचार कर रही है, जिसमें देशभर से किसान आमंत्रित किए जाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।