Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केरल तट पर डूबा लाइबेरियाई जहाज, कंटेनर बहकर पहुंचे किनारे; तेल रिसाव से खतरे का अलर्ट

    By Agency Edited By: Chandan Kumar
    Updated: Tue, 27 May 2025 04:09 AM (IST)

    केरल तट पर लाइबेरियाई कार्गो जहाज के डूबने से कंटेनर बहकर तट पर आ रहे हैं। अब तक नौ कंटेनर मिले हैं जिनमें कैल्शियम कार्बाइड वाला कोई कंटेनर नहीं है। तेल रिसाव के कारण हाई अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि ईंधन पारिस्थितिकीय रूप से संवेदनशील तट को प्रभावित कर सकता है। निवासियों और मछुआरों को असामान्य वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी गई है।

    Hero Image
    इस जहाज में कुछ कंटेनर खतरनाक पदार्थों जैसे कैल्शियम कार्बाइड ले जा रहे थे।

    पीटीआई, कोल्लम। केरल तट पर लाइबेरियाई कार्गो जहाज के डूबने के बाद उसके कंटेनर बहकर तट पर आने लगे हैं। अब तक नौ कंटेनर तट पर पहुंच चुके हैं। ये कंटेनर दक्षिण कोल्लम और अलपुझा के तटों पर मिले हैं। हालांकि, इनमें कोई भी कैल्शियम कार्बाइड वाला कंटेनर शामिल नहीं है। फैल रहे तेल रिसाव के चलते अधिकारियों ने तट पर हाई अलर्ट जारी किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ईंधन लगभग तीन किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बह रहा है और जल्द ही पारिस्थितिकीय रूप से संवेदनशील केरल तट को प्रभावित कर सकता है। तटीय निवासियों और मछुआरों से अपील की गई है कि वे तट पर पाए गए किसी भी असामान्य वस्तु या कंटेनर को न छुएं, न नजदीक जाएं।

    जहाज पर 367.1 मीट्रिक टन फर्नेस ऑयल

    सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां से गुजरने वाले सभी जहाजों के मार्ग बदल दिए गए हैं। यह जहाज रविवार सुबह डूब गया था। जहाज में 84.44 मीट्रिक टन डीजल और 367.1 मीट्रिक टन फर्नेस ऑयल था। कुछ कंटेनर खतरनाक पदार्थों जैसे कैल्शियम कार्बाइड ले जा रहे थे।

    यह रासायनिक पदार्थ है, जो समुद्री जल के साथ प्रतिक्रिया कर अत्यधिक ज्वलनशील एसीटिलीन गैस बनाता है। जहाज से ईंधन का रिसाव हो गया है। रिसाव को न्यूट्रलाइज करने के लिए एक विमान का उपयोग किया जा रहा है। तीन जहाज विक्रम, सक्षम, और समर्थ इस क्षेत्र में तैनात हैं। यह रिसाव का पता लगाने के लिए इन्फ्रारेड कैमरों का उपयोग कर रहे हैं। इसे फैलने से रोकने का प्रयास जारी है। हालांकि, खराब मौसम के कारण परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।

    यह भी पढ़ें: COVID Case: देश में कोरोना के नए मामले 1000 के पार, क्या डरने की है जरूरत? ICMR ने दिया ये जवाब