पाकिस्तान में कैसे हुई सैफुल्ला खालिद की हत्या? भारत में इन वारदातों में रहा शामिल
लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी रजाउल्ला निजामनी खालिद उर्फ अबू सैफुल्ला खालिद की पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसने 2006 में आरएसएस मुख्यालय पर हमले की साजिश रची थी। सैफुल्ला भारत में कई आतंकी हमलों में शामिल था और लश्कर के आतंकी अभियानों का नेतृत्व करता था। अज्ञात बंदूकधारियों ने सिंध के मतली में उसे मौत के घाट उतार दिया।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। 2006 में आरएसएस मुख्यालय पर हमले की साजिश रचने वाले लश्कर-ए-तैयबा के दुर्दांत आतंकवादी रजाउल्ला निजामनी खालिद उर्फ अबू सैफुल्ला खालिद की पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
सैफुल्ला भारत में कई आतंकी हमलों में शामिल रहा था। वह रविवार दोपहर सिंध के मतली में अपने घर से निकला था और एक चौराहे के पास हमलावरों ने उसे गोलियों से भून दिया। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लश्कर के आतंकी अभियानों का करता था नेतृत्व
सैफुल्ला नेपाल से लश्कर के आतंकी अभियानों का नेतृत्व करता था। उसे विनोद कुमार और मोहम्मद सलीम नाम से भी जाना जाता था। उसने नेपाल की ही एक युवती नगमा बानो से शादी कर ली थी। 2000 के मध्य से वह लश्कर के नेपाल मॉड्यूल का प्रभारी था। वह आतंकियों की भर्ती, वित्तीय सहायता प्रदान करने तथा भारत-नेपाल सीमा पर लश्कर आतंकियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने का काम करता था। वह लश्कर के तथाकथित लॉन्चिंग कमांडरों-आजम चीमा उर्फ बाबाजी और याकूब (लश्कर का मुख्य अकाउंटेंट) के साथ मिलकर काम कर रहा था।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मॉड्यूल का पर्दाफाश किए जाने के बाद सैफुल्ला अपनी पत्नी के साथ नेपाल छोड़कर पाकिस्तान भाग गया था। बाद में उसने लश्कर और जमात-उद-दावा के कई आतंकियों के साथ मिलकर काम किया। इनमें जम्मू-कश्मीर के लिए लश्कर कमांडर यूसुफ मुजम्मिल, मुजम्मिल इकबाल हाशमी और मोहम्मद यूसुफ तैबी शामिल थे।
खालिद को पाकिस्तान में लश्कर और जमात के सरगना ने ¨सध के बादिन और हैदराबाद जिलों से नए आतंकवादियों की भर्ती करने और आतंकी संगठन के लिए धन जुटाने का काम सौंपा था। रिपोर्टों में सैफुल्ला की हत्या को व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला भी बताया जा रहा है।
भारत में इन वारदातों में रहा शामिल
सैफुल्ला 2005 में बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान पर हुए आतंकी हमले में भी शामिल था, जिसमें आइआइटी के प्रोफेसर मुनीशचंद्र पुरी की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हुए थे। आतंकवादी घटनास्थल से भाग निकले थे। पुलिस ने मामले की जांच की और अबू अनस के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। अनस अब भी फरार है। लश्कर आतंकी अबू अनस के करीबी सहयोगी सैफुल्ला ने 2006 में नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय पर हमले की साजिश रची थी।
हालांकि, हमला करने से पहले ही तीनों आतंकवादी मारे गए और साजिश नाकाम रही। 2008 में उत्तर प्रदेश के रामपुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के शिविर पर हुए हमले का भी सैफुल्ला मास्टरमाइंड था, जिसमें सात जवान और एक नागरिक की मौत हो गई थी। हमला करने वाले दोनों आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए थे।
विदेश में निशाना बने भारत विरोधी दहशतगर्द
20 फरवरी, 2023 को रावलपिंडी में हिजबुल के इम्तियाज आलम उर्फ बशीर अहमद पीर की अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी थी। वह कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने में जुटा था।
26 फरवरी, 2023 को कराची में अल बदर के पूर्व कमांडर सैयद खालिद राजा की हत्या। वह जम्मू-कश्मीर का अल बदर का कमांडर रह चुका था। 22 फरवरी, 2023 को जम्मू-कश्मीर में इस्लामिक स्टेट का नेटवर्क मजबूत करने में जुटे एजाज अहमद अहंगर की काबुल में हत्या कर दी गई। केंद्र सरकार ने उसे चार जनवरी को मोस्टवांटेड आतंकी की सूची में शामिल किया था।
- चार मार्च, 2023 को पाक के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी सैयद नूर शोलाबर की हत्या कर दी गई। वह अफगानिस्तान में भी सक्रिय रहा था और जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के लिए पाक की मदद कर रहा था।
- छह मई, 2023 को खालिस्तान कमांडो फोर्स के स्वयंभू प्रमुख और कुख्यात आतंकी परमजीत सिंह पंजवड़ की लाहौर में हत्या कर दी गई। वह 2020 में भारत सरकार की ओर से जारी आतंकियों की सूची में आठवें स्थान पर था।
- 18 जून, 2023 को खालिस्तान टाइगर फोर्स के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा के सरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कनाडा में बैठकर पंजाब में टारगेट किलिंग करवाता था और भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करता था।
- पांच अगस्त, 2023 को जमात-उद-दावा आतंकी मुल्ला सरदार हुसैन अरैन की पाकिस्तान में हत्या हो गई। उसे कराची में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलियों से छलनी किया था।
- आठ सितंबर, 2023 को पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर में लश्कर के शीर्ष आतंकी मोहम्मद रिजाय उर्फ अबु कासिम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक अज्ञात बंदूकधारी ने रावलकोट में एक मस्जिद के भीतर उसे गोलियों से भून दिया था।
- 12 सितंबर, 2023 को लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के टाप आतंकी जियाउर रहमान की पाकिस्तान में हत्या की खबर आई थी। कराची में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उसकी गोली मारकर हत्या की थी।
- 21 सितंबर, 2023 को खालिस्तानी आतंकी सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके को कनाडा के विनिपेग में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। उसे मोस्ट वांटेड आतंकी अर्शदीप सिंह का खास गुर्गा माना जाता था।
- 30 सितंबर, 2023 को आतंकी मुफ्ती कैसर फारूकी की दिनदहाड़े हत्या हुई। उसे मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का दाहिना हाथ माना जाता था। कराची के सोहराब गोठ में अज्ञात बंदूकधारियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
- 15 मार्च, 2025 लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकी अबू कताल पाकिस्तान में मारा गया। पंजाब प्रांत में अनजान हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी Influencers को कर रही भर्ती', Jyoti Malhotra को लेकर पुलिस ने खोले कई राज
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।