Karnataka: कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार राहुल गांधी से मिले जगदीश शेट्टार, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
Karnataka News भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार जगदीश शेट्टार ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा में उनके साथ किए गए बुरे व्यवहार के कारण उन्होंने पार्टी को छोड़ा।
हुबली, एएनआई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता जगदीश शेट्टार ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार रविवार को राहुल गांधी से मुलाकात की। शेट्टार ने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने उनके साथ बुरा व्यवहार किया है, उसकी वजह से ही वह सबसे पुरानी पार्टी का हिस्सा बन गए।
बुरे व्यवहार के कारण छोड़ी भाजपा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद शेट्टार ने कहा, "पहली मुलाकात राहुल गांधी से हुई और हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। सभी जानते हैं कि मैंने भाजपा द्वारा किए गए बुरे व्यवहार के कारण वो पार्टी छोड़ी। मैं दूसरी राष्ट्रीय पार्टी का हिस्सा बन गया। राहुल गांधी उस पार्टी के अध्यक्ष है, इसलिए मैंने उनसे कई मुद्दों पर चर्चा की।
कर्नाटक में स्वार्थी लोग भाजपा को कर रहे नियंत्रित
जगदीश शेट्टार ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी लोग कर्नाटक में भाजपा सरकार को नियंत्रित कर रहे हैं। शेट्टार ने कहा, "कर्नाटक में भाजपा सरकार ने 5 साल पूरे कर लिए हैं। लोग वरिष्ठों के साथ दुर्व्यवहार की बात कर रहे हैं, लेकिन विकास जैसे अन्य मुद्दों के बारे में नहीं। निहित स्वार्थ वाले कुछ लोग कर्नाटक और सरकार में पूरी भाजपा को नियंत्रित कर रहे हैं।"
एक हफ्ते में दो भाजपा नेताओं ने ज्वाइन किया कांग्रेस
जगदीश शेट्टार ने आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को हुबली-धारवाड़-मध्य विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। जगदीश शेट्टार लिंगायत समुदाय से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छोड़कर एक सप्ताह से भी कम समय में कांग्रेस में शामिल होने वाले दूसरे वरिष्ठ नेता बन गए हैं। इससे पहले कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी कांग्रेस में शामिल हुए थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल
चुनावी मैदान में शेट्टार का मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार महेश तेंगिंकाई से होगा। बीजेपी छोड़ने के एक दिन बाद शेट्टार सोमवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। शेट्टार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कर्नाटक राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया की उपस्थिति में पार्टी में शामिल किया गया।
शेट्टार के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता अमर सिंह पाटिल भी कांग्रेस में शामिल हो गए। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 10 मई को एक ही चरण में होंगे, जिसकी मतगणना 13 मई को होनी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।