ISRO के संदेशों ने जीता लोगों का दिल, 'वेलकम बडी' पोस्ट को 'X' पर 34 लाख से अधिक लोगों ने देखा
चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर ने सोमवार को जब इसके पूर्ववर्ती चंद्रयान-2 मिशन के आर्बिटर के साथ संपर्क स्थापित किया तो इसरो के इंटरनेट मीडिया पोस्ट ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। चंद्रयान-2 के आर्बिटर द्वारा चंद्रयान-3 के लैंडर माड्यूल के स्वागत के रूप में वेलकम बडी लिखा गया। बता दें इसरो चंद्रयान-3 की यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी देने वाले पोस्ट लगातार डाल रहा है।

बेंगलुरु, पीटीआई। चंद्रयान-3 के सफर को लेकर इसरो के आधिकारिक इंटरनेट मीडिया हैंडल से लाखों लोगों को आकर्षित करने के लिए तकनीकी शब्दावली से परे दिलचस्प शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसरो के आधिकारिक हैंडल पर सामान्य तौर पर भारत के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-3 के बारे में जानकारी देने के लिए तकनीकी शब्दों का इस्तेमाल किया जाता रहा है, लेकिन इस बार 'वेलकम बडी' (स्वागत है दोस्त) और 'थैंक्स फॉर द राइड, मेट' (सवारी के लिए शुक्रिया साथी) जैसे दिलचस्प शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
इसरो ने 'वेलकम बडी' लिखा
चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर ने सोमवार को जब इसके पूर्ववर्ती चंद्रयान-2 मिशन के आर्बिटर के साथ संपर्क स्थापित किया तो इसरो के इंटरनेट मीडिया पोस्ट ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। चंद्रयान-2 के आर्बिटर द्वारा चंद्रयान-3 के लैंडर माड्यूल के स्वागत के रूप में 'वेलकम बडी' लिखा गया।
इसके साथ एक पोस्ट में लिखा गया कि दोनों के बीच संवाद स्थापित हो गया है। इसे 'एक्स' पर 34 लाख से अधिक लोगों ने देखा। इससे पहले 17 अगस्त को जब लैंडर माड्यूल प्रोपल्शन माड्यूल से अलग हुआ था तब इसरो ने 'एक्स' पर लिखा था, 'थैंक्स फॉर द राइड, मेट'। इसके साथ हाथ हिलाने का इमोजी भी था।
इसरो चंद्रयान-3 की यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी देने वाले पोस्ट लगातार डाल रहा है। चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान के उतरने के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से पहले इसरो ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में रोचक अंदाज में संदेश दिया कि यह माड्यूल सुगमता से आगे बढ़ रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।