महंगाई पर लगेगा ब्रेक: बंपर फसल के बाद कम होगी दाल की कीमतें
देश में दलहन उत्पादन 6.7% बढ़कर रिकॉर्ड 274.09 लाख टन हुआ, जिससे आयात में 18% की कमी आई है।

रिकॉर्ड दलहन उत्पादन में 6.7% की वृद्धि (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। दाल उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है कि देश में दलहन का उत्पादन 6.7 प्रतिशत बढ़कर 274.09 लाख टन के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। इससे दालों के आयात में 18 प्रतिशत की कमी आई है।
बफर स्टाक और बाजार में उपलब्ध दालों की मात्रा भी पर्याप्त है। उड़द एवं अरहर की खेती का रकबा बढ़ने से संभावनाएं बेहतर हुई हैं।
अब रबी सीजन में चना की खेती का दायरा बढ़ाकर उपलब्धता और मजबूत करने की तैयारी है, ताकि दालों की कीमतों पर दबाव कम कर आयात पर निर्भरता घटाई जा सके।
रिकॉर्ड दलहन उत्पादन 274.09 लाख टन
चालू वर्ष में देश में दलहन का उत्पादन बढ़कर 274.09 लाख टन रहने का अनुमान है। पिछले वर्ष 256.83 लाख टन था। इस तरह एक वर्ष में उत्पादन में 17.26 लाख टन की वृद्धि हुई है।
इसका असर आयात पर पड़ा है। पिछले वर्ष 72.56 लाख टन दालों का आयात करना पड़ा था, जो इस बार 18 प्रतिशत घटकर 59.64 लाख टन रह गया। इससे विदेशी बाजारों पर निर्भरता घटी है।
भारत विश्व का सबसे बड़ा दाल उत्पादक और उपभोक्ता है, जहां सालाना करीब 270 लाख टन दालों की खपत होती है। उत्पादन बढ़ने के बावजूद अरहर, उड़द और मसूर जैसी दालों की मांग पूरी करने के लिए आयात की जरूरत बनी हुई है।
दालों के आयात में 18% की कमी
कुल खपत का लगभग 18 से 20 प्रतिशत हिस्सा आयात से पूरा होता है। ऐसे में उत्पादन में लगातार वृद्धि से वैश्विक बाजार में कीमतें बढ़ने का असर भी घरेलू उपभोक्ताओं पर कम पड़ेगा।
उपभोक्ता मामले की सचिव निधि खरे के अनुसार देश में अभी 38 लाख टन दाल का बफर स्टाक है, जो मानक से तीन लाख टन ज्यादा है। इसमें 16.1 लाख टन चना, 9.7 लाख टन अरहर, 6.4 लाख टन मूंग, 5.3 लाख टन मसूर और 4.4 लाख टन उड़द शामिल हैं।
बड़े खुदरा कारोबारियों, आयातकों, मिलरों एवं स्टाकिस्टों के पास 53.7 लाख टन का स्टाक है। हालांकि, पर्याप्त भंडार के बावजूद पिछले महीने दालों की खुदरा महंगाई दर 8.73 प्रतिशत रही। इसलिए बाजार में समय पर आपूर्ति एवं कीमतों पर निगरानी पर फोकस बढ़ा दिया गया है।
चना उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का जोर
सरकार का जोर चना उत्पादन बढ़ाने पर है। पिछले वर्ष इसका उत्पादन 125.6 लाख टन था, जो पिछले पांच वर्षों में दूसरा सबसे अधिक है। खरीफ सीजन में उड़द का रकबा 23.60 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 26.57 लाख हेक्टेयर हो गया है।
अरहर का रकबा भी 3.22 प्रतिशत बढ़कर 47.93 लाख हेक्टेयर पहुंचा है। सरकार ने वर्ष 2030-31 तक दलहन उत्पादन 350 लाख टन करने का लक्ष्य रखा है। उत्पादन में मौजूदा बढ़ोतरी इस लक्ष्य की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र बोले, 'दलहन उत्पादन मिशन का सकारात्मक परिणाम दिखने लगा है। उत्पादन में वृद्धि से कीमतें कम हुई हैं और बाजार स्थिर बना हुआ है।
सरकार इसी तरह उत्पादन बढ़ाने और किसानों को प्रोत्साहित करने के प्रयास को निरंतर जारी रखती है तो देश में दालों की कीमतों में और कमी आएगी। आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ेंगे।'
यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: आटा-दाल और सरसों तेल के भाव में उतार-चढ़ाव, जानें पंजाब की प्रमुख मंडियों की रेट लिस्ट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।