यूपी से हिमाचल तक आफत लेकर आया मानसून, तटीय इलाकों में घुस रहा गंगा का पानी; जयपुर में टूटा बांध
उत्तर प्रदेश बिहार समेत कई राज्यों में मानसून के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रयागराज और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड हिमाचल और झारखंड में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश में सामान्य से 61% अधिक वर्षा हुई है।

जागरण टीम, नई दिल्ली। मानसून के कारण उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जगहों पर गंगा का जलस्तर बढ़ने से पानी तटीय इलाकों घुस गया है। इससे वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल, झारखंड में अगले दो से तीन दिन भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है।
रविवार को जयपुर में नरेना बांध टूट गया, जिससे ग्रामीण इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन आई। प्रयागराज 14 तटीय मुहल्लों में पानी घुस गया है। गंगा किनारे 44 गांव बाढ़ के पानी से घिरे हैं। बांदा में यमुना का जलस्तर चार सेंटीमीटर बढ़ा है। जालौन और औरेया में यमुना समेत कई छोटी नदिया उफान पर हैं। इटावा में चंबल का जलस्तर 10 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
अब तक सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक वर्षा
हमीरपुर में बेतवा नदी में रविवार दोपहर किशोर समेत दो लोग डूबकर मर गए। वहीं मध्य प्रदेश में मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। प्रदेश के पूर्वी व उत्तरी जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। एक दर्जन गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लद्दाख में भारी वर्षा के कारण नुब्रा घाटी का सड़क संपर्क कट गया। इसमें पांच महिलाओं समेत 21 नागरिक फंस गए जिन्हें वायुसेना के थोइसे एयरबेस पर आश्रय दिया गया।
मौसम विभाग ने हिमाचल में 21 से 23 जुलाई तक भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करने के साथ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को प्रदेश के सात जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। प्रदेश में अभी तक 1235 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है।
24 जुलाई तक भारी वर्षा और वज्रपात का पूर्वानुमान
- वर्षा और भूस्खलन के कारण 142 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। मौसम अनुकूल न होने के कारण रविवार को गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर कोई भी विमान नहीं आया। वहीं उत्तराखंड में मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून, नैनीताल, समेत कई स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। झारखंड में मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक भारी वर्षा और वज्रपात का पूर्वानुमान जताया है।
- बिहार में रुक रुक कर हो रही लगातार बारिश से गंगा नदी का जलस्तर पटना व भोजपुर में खतरे के निशान को पार कर गया है। खगडि़या में गंगा, बूढ़ी गंडक और बागमती तेजी से बढ़ रही है। रविवार को गया के टिकारी प्रखंड में मोरहर नदी में आई बाढ़ के पानी में स्नान कर रहे दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पटना के बख्तियारपुर के टाल क्षेत्र में बाढ़ में टूटकर गिरे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत हो गई।
- राजस्थान के नागौर में सड़क पर तैरने लगीं मछलियां: राजस्थान के अधिकतर हिस्से में लगातार हो रही वर्षा से हालात गंभीर बने हुए हैं। कानोता बांध से भी पानी बाहर आ गया है। नागौर जिले में भारी बारिश के कारण रियाबड़ी इलाके में सैकड़ों मछलियां सड़क पर तैरने लगीं। धौलपुर में 24 घंटे की बारिश के बाद पार्वती बांध से पानी छोड़ा गया। बारिश से छह दिनों में प्रदेश में 26 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से सात मौतें शनिवार को हुईं।
यह भी पढ़ें- Delhi Weather: बादलों की लुकाछिपी के बीच बारिश का इंतजार, इस हफ्ते क्या है IMD का पूर्वानुमान?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।