Mission Antarctica: पूरी तरह से गुप्त रखा गया था भारत का पहला अंटार्कटिका मिशन, शोधकर्ताओं ने बयां किया अपना अनुभव
भारत के पहले अंटार्कटिका मिशन के 40 साल बाद मिशन से जुड़े शोधकर्ताओं ने शुक्रवार को अपना अनुभव बयां किया। उन्होंने बताया कि कैसे इस मिशन को पूरी तरह से गुप्त रखा गया था। मिशन के सदस्य अमिताव सेन गुप्ता ने कहा है कि अंटार्कटिका पर पहले भारतीय अभियान को गुप्त रखा गया था। प्रारंभिक बैठकें बंद कमरों में हुईं।

पीटीआई, पणजी। भारत के पहले अंटार्कटिका मिशन के 40 साल बाद मिशन से जुड़े शोधकर्ताओं ने शुक्रवार को अपना अनुभव बयां किया। उन्होंने बताया कि कैसे इस मिशन को पूरी तरह से गुप्त रखा गया था। मिशन के दौरान शोधकर्ताओं को लग रहा था मानों वे जेम्स बॉन्ड की फिल्म में हों। मिशन से पहले शोधकर्ताओं को नौसेना के जहाज पर प्रशिक्षित किया गया था। प्रशिक्षकों को भी नहीं पता था कि वे क्यों प्रशिक्षण दे रहे हैं। टीम के सदस्यों को इस बारे में अपने परिवार को कुछ भी बताने की अनुमति नहीं थी।
मिशन के तहत भारत ने अंटार्कटिका में अपना पहला वैज्ञानिक आधार स्टेशन स्थापित किया था। यह अभियान 1981 में गोवा तट से शुरू किया गया था। अभियान में 21 सदस्यीय टीम शामिल थी जिसका नेतृत्व डॉ. एस. जेड कासिम ने किया था।
देश का पहला वैज्ञानिक आधार स्टेशन
अंटार्कटिका में देश का पहला वैज्ञानिक आधार स्टेशन 'दक्षिण गंगोत्री' 1983 में स्थापित किया गया था। अंटार्कटिका दिवस के अवसर पर वास्को शहर में राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं महासागर अनुसंधान केंद्र (NCPOR) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारत के अंटार्कटिका मिशन में शामिल शोधकर्ताओं ने मिशन से जुड़ी यादें साझा कीं।
यह भी पढ़ें: पहली बार अंटार्कटिका क्षेत्र में बर्ड फ्लू का पता चला, अन्य जीवों पर मंडरा रहा खतरा
इस अवसर पर मिशन के सदस्यों को एनसीपीओआर के निदेशक डा. थेम्बन मेलोथ ने सम्मानित भी किया। मिशन के सदस्य अमिताव सेन गुप्ता ने कहा,
अंटार्कटिका पर पहले भारतीय अभियान को गुप्त रखा गया था। प्रारंभिक बैठकें बंद कमरों में हुईं, जिसमें नौसेना प्रमुख सहित शीर्ष स्तर के अधिकारी शामिल हुए। लग रहा था जैसे कि हम जेम्स बांड की किसी फिल्म में हों।
मिशन के अन्य सदस्य एसजी. प्रभु मातोंडकर ने कहा कि टीम के साथियों की भावना थी कि वे देश के लिए कुछ कर रहे हैं। 'दक्षिण गंगोत्री' अभियान से पहले भारत के शोधकर्ता सोवियत संघ के अंटार्कटिक वैज्ञानिक अभियान का हिस्सा थे। डा. परमजीत सिंह सेहरा 1971 में सोवियत संघ के अभियान के तहत अंटार्कटिका पहुंचने वाले पहले भारतीय थे।
अंटार्कटिका में भारत का पहला वैज्ञानिक स्टेशन स्थापित करने वाली टीम का नेतृत्व करने वाले डा. हर्ष के. गुप्ता ने बताया कि कैसे तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अंटार्कटिका में आधार स्टेशन स्थापित करने में मदद की थी। वर्ष 1959 में अंटार्कटिक संधि पर हस्ताक्षर किया गया था। इसी उपलक्ष्य में दुनियाभर में अंटार्कटिका दिवस मनाया जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।