राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को तीन दिनों में 24 लाख से अधिक कोरोना वैक्सीन की खुराक मिलेगी- केंद्र सरकार
केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अगले तीन दिनों के भीतर 24 लाख से अधिक कोरोना वैक्सीन की खुराक मिल जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 24 लाख 65 हजार 980 से अधिक वैक्सीन खुराक पाइपलाइन में हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अगले तीन दिनों के भीतर 24 लाख से अधिक कोरोना वैक्सीन की खुराक मिल जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 24 लाख 65 हजार 980 से अधिक वैक्सीन खुराक पाइपलाइन में हैं और अगले तीन दिनों के भीतर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्राप्त हो जाएगी।
मंत्रालय के अनुसार, कोरोना वैक्सीन की 73,00,166 खुराक अभी भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से 32 करोड़ 13 लाख 75 हजार,820 वैक्सीन खुराक प्रदान की हैं। आज सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इसमें से कुल 31,40,75,654 खुराक की खपत हो गई है। इसमें वैक्सीन की बर्बादी भी शामिल है।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अधिक टीकों की उपलब्धता से टीकाकरण अभियान में तेजी आई है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के हिस्से के रूप में, भारत सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में कोरोना टीका उपलब्ध कराकर उनकी मदद कर रही है। केंद्र सरकार देश में वैक्सीन निर्माताओं द्वारा उत्पादित किए जा रहे 75 प्रतिशत टीके खरीद रही है और राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त में आपूर्ति कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह सात बजे प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कुल मिलाकर 33.28 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है। इससे पहले केंद्र सरकार ने मंगलवार को जानकारी दी थी कि देश में कोरोना वायरस के खिलाफ 21 जून को शुरू हुए टीकाकरण महाभियान के बाद आठ दिनों में ही 4.61 करोड़ डोज लगाई गई हैं। यह संख्या इराक (4.02 करोड़), कनाडा (3.77 करोड़), सऊदी अरब (3.48 करोड़) और मलेशिया (3.23 करोड़) की आबादी से ज्यादा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि इन आठ दिनों में औसत रोजाना 57.68 लाख डोज लगाई हैं जो फिनलैंड (55.41 लाख), नार्वे (54.21 लाख) और न्यूजीलैंड (48.22) की आबादी से ज्यादा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।