Coronavirus Update: बढ़ता जा रहा कोरोना संक्रमण का कहर, दो दिन में आए एक लाख से अधिक नए मामले
पांच महीने बाद एक दिन में सामने सर्वाधिक 53 हजार मामले आए। कोरोना से 251 और लोगों की मौत मरने वालों में 95 अकेले महाराष्ट्र से। ठीक होने वालों की संख्या 95.28 फीसद व मृत्यु दर 1.36 फीसद हुई।

नई दिल्ली, प्रेट्र। कोरोना संक्रमण का कहर हर दिन बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान 53 हजार से अधिक नए मामले दर्ज किए गए। 153 दिन यानी करीब पांच महीने बाद एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में नए मामले सामने आए। यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इस तरह दो दिन में एक लाख से अधिक मरीज बढ़ गए। बुधवार को 47,262 नए मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों को मिलाकर देश में अब तक 1,17,87,534 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार की सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार देश में लगातार 15वें दिन संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 53,476 नए मामले सामने आन से इस समय 3,95,192 सक्रिय मरीज हो गए हैं। ये अब तक हुए कुल संक्रमितों का 3.35 फीसद हैं। इससे पूर्व बीते साल 23 अक्टबूर 24 घंटों के दौरान 54,366 नए मामले दर्ज किए गए थे। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से ठीक होने की दर गिरकर 95.28 फीसद है। वहीं इस दौरान 251 और लोगों की मौत के साथ कोरोना के कारण दम तोड़ने वालों की संख्या बढ़कर 1,60,692 हो गई है। इस बीमारी से अब तक 1,12,31,650 लोग उबर चुके हैं। वहीं मृत्यु दर 1.36 फीसद हो गई है।
कोरोना से जिन 251 और लोगों ने दम तोड़ा उनमें सर्वाधिक 95 लोग महाराष्ट्र के हैं। जबकि पंजाब में 39, छत्तीसगढ़ में 29, तमिलनाडु व कर्नाटक में 12-12 और केरल में 10 लोगों की जान गई।
छह राज्यों में हर दिन बढ़ रहे कोरोना के मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात में कोरोना वायरस के मामले रोज बढ़ रहे हैं। कुल मामलों के 80.63 फीसद मामले इन्हीं राज्यों से हैं। इसी तरह 74.32 प्रतिशत मरीज तीन राज्यों महाराष्ट्र, केरल और पंजाब में हैं। देश में अभी 3.95 लाख मरीज कोरोना का इलाज करा रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में लगातार मामले बढ़ रहे हैं और वहां एक दिन में 31,855 नए मामले आए। इसके बाद पंजाब में 2,613 जबकि केरल में 2,456 नए मामले आए।
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के नए मामले अचानक बढ़ने लगे हैं। गुरुवार को दिल्ली में 1515 नए मामले सामने आए। इस दौरान संक्रमण से पांच लोगों की मौत भी हुई। इन राज्यों के अलावा तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मप्र में भी हर दिन संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
दस लाख से अधिक नमूनों की जांच
भारतीय आयुíवज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक, 24 मार्च तक 23,75,03,882 नमूनों की जांच की जा चुकी है। बुधवार को 10,65,021 नमूनों की जांच की गई।
5.31 करोड़ लोगों को लगा टीका
मंत्रालय ने यह भी कहा कि देश में 5.31 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। उसने बताया कि कुल टीकों की 60 फीसद खुराक आठ राज्यों केरल, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में दी गई।
14 राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटे में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। ये राज्य जम्मू कश्मीर, गोवा, उत्तराखंड, ओडिशा, लक्षद्वीप, दमन और दीव, दादर और नागर हवेली, लद्दाख, सिक्किम, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, अंडमान और निकोबार, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।