Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    18 जनवरी से आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, यूपी समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?

    पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत में मौसम बिगड़ रहा है। 18 और 22 जनवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इस वजह से उत्तर पश्चिम और उतर भारत में मौसम करवट लेगा। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की संभावना है। अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है।

    By Ajay Kumar Edited By: Ajay Kumar Updated: Thu, 16 Jan 2025 07:42 PM (IST)
    Hero Image
    Weather News Update: उत्तर भारत में बदलेगा मौसम। ( फोटो- पीटीआई )

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत में अभी लोगों को ठंड और बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। 16 जनवरी को घने कोहरे और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आने वाले तीन दिनों तक घने कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं 18 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा। मौसम विभाग के मुताबिक इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में हल्की बारिश की संभावना है।

    यहां छाएगा घना कोहरा

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 16 और 17 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब. हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है।

    वहीं एक साइक्लोन सर्कुलेशन दक्षिणी हरियाणा में भी बना है। मौसम विभाग ने कहा कि 18 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। चार दिन बाद यानी 22 जनवरी को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।

    महाकुंभ क्षेत्र में हो सकती हल्की बारिश

    मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि घना कोहरा उत्तर पश्चिम भारत में आने वाले कई दिनों तक जारी रहेगा। उत्तर पश्चिम हिमालयी क्षेत्र में बादलों का जमावड़ा लगा है। नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज में गुरुवार यानी 16 जनवरी को हल्की बारिश और घने से बहुत घने का अलर्ट है। यहां आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे।

    इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग के मुताबिक 16 जनवरी को चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 16 जनवरी को हल्की बारिश के साथ हिमपात की चेतावनी भी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में 16 और 17 जनवीर को हल्की बारिश के साथ मौसम बदलने की संभावना है।

    18 जनवरी से करवट लेगा मौसम

    18 जनवरी से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हिमालयी क्षेत्र में और उत्तर पश्चिम के मैदानी भागों में मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में 18 से 22 जनवरी के बीच बारिश व हिमपात की संभावना है। 21 और 22 जनवरी को राजस्थान, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं।

    अगले तीन दिनों का मौसम

    • 17 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी घने कोहरे का प्रकोप रहेगा। हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी।
    • 18 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में घना कोहरा जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश में लोगों को कोल्ड डे जैसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा। तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
    • 19 जनवरी को तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट है। अगर कोहरे की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वोतर में घना कोहरा पड़ेगा।

    पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

    पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश दक्षिण तमिलनाडु में दर्ज की है। वहीं राजधानी नई दिल्ली और आसपास भी हल्की बारिश हुई है। पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में घने से बहुत घना कोहरा देखने को मिला। यहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही।

    वहीं चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, मेघालय और त्रिपुरा में घना कोहरा पड़ा। यहां दृश्यता 50 से 199 मीटर तक रही। पंजाब के अमृतसर के आसपास शून्य दृश्यता तक देखने को मिली है। 16 जनवरी को राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिली है।

    उत्तर पश्चिम भारत में गिरेगा तापमान

    आईएमडी के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। गुजरात में अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा। इसके बाद भी तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं आएगा। मध्य और पूर्वी भारत और महाराष्ट्र क्षेत्र में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

    यह भी पढ़ें: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 8वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी

    यह भी पढ़ें: कौन हैं दया नायक? जिन्हें मिली सैफ अली खान पर हमले की जांच; अपराधियों में इनके नाम का खौफ