विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लेडी सिंघम IPS ऐश्वर्या सिंह ने कैसे क्लियर किया UPSC? CJP प्रोटेस्ट में दिखा एक्शन, पिता भी हैं मशहूर IPS

Published: Sun, 11 Oct 2026 04:33 PM (IST)

दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान सुर्खियों में आईं IPS ऐश्वर्या सिंह का वीडियो वायरल हो रहा है। वह 2022 बैच की अधिकारी हैं।

HighLights

  1. विपक्ष के प्रदर्शनों के दौरान IPS ऐश्वर्या सिंह हुईं वायरल।

  2. 2022 बैच की अधिकारी, पिता IPS, परिवार में सिविल सेवक।

  3. तीसरे प्रयास में AIR 97 रैंक हासिल कर बनीं IPS।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की एक महिला IPS अधिकारी ऐश्वर्या सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कई प्रदर्शनकारियों को संभालती दिखाई दे रही हैं।

कहीं वह बस से उतरने की कोशिश करने वाले शख्स को पकड़ती दिख रही हैं, तो कहीं भीड़ को कंट्रोल करती नजर आई। प्रियंका गांधी के सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने के दौरान भी ऐश्वर्या सिंह की भूमिका काफी अहम नजर आई।

ऐश्वर्या सिंह के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद कुछ लोग उन्हें लेडी सिंघम और शेरनी कह रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनकी आलोचना भी कर रहे हैं। लेकिन आखिर दिल्ली पुलिस की ये दमदार पुलिस ऑफिसर कौन हैं और उनका परिवार कैसा है और IPS बनने तक का उनका सफर कितना चुनौतीपूर्ण रहा आइये जानते हैं।

कौन हैं दिल्ली पुलिस की लेडी सिंघम ऐश्वर्या सिंह

ऐश्वर्या सिंह 2022 बैच की IPS अधिकारी हैं और AGMUT कैडर से जुड़ी हैं। ऐश्वर्या, साउथ दिल्ली में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह ACP लाजपत नगर के पद पर भी काम कर चुकी हैं। ऐश्वर्या उत्तर-प्रदेश के अलीगढ़ की रहने वाली हैं। उनके घर में हमेशा पढ़ाई लिखाई पर बहुत जोर दिया जाता था। बचपन से ही ऐश्वर्या सिविल सर्वेंट बनना चाहती थीं।

माता-पिता और बहन परिवार में सभी हैं अधिकारी

ऐश्वर्या के माता-पिता दोनों ही अधिकारी रह चुके हैं। उनके पिता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भी IPS अधिकारी रहे हैं। वो 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने असम पुलिस में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। ऐश्वर्या की मां अनामिका सिंह भी असम सिविल सर्विस में अधिकारी थीं।

उन्होंने 1996 से 2006 तक ACS अधिकारी के तौर पर काम किया और फिर नौकरी छोड़ दी। वह एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के पद तक पहुंची थी। ऐश्वर्या सिंह की छोटी बहन आराधिता सिंह ने राज्यसभा सचिवालय में सीनियर PS के तौर पर काम किया है।

बचपन से ही बनना चाहती थी सिविल सर्वेंट

ऐश्वर्या सिंह ने अपनी शुरुआती पढ़ाई असम में हुई, क्योंकि उनके माता-पिता की पोस्टिंग वहीं थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के मदर्स इंटरनेशनल स्कूल से माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लेडी श्रीराम कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया।

इसके बाद उन्होंने UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की। माता पिता के सिविल सेवा में होने के कारण उन्हें इसे करीब से जानने का मौका मिला। हालांकि इस लक्ष्य को पाना थोड़ा चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने IPS बनकर अपना सपना पूरा किया।

तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता

ऐश्वर्या सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत से पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर ली और IRS चुनी गईं। लेकिन ऐश्वर्या का सपना था IPS अधिकारी बनना। इसके लिए उन्होंने और मेहनत की और एक बार फिर UPSC का एग्जाम दिया ।

अपने दूसरे प्रयास में वह इंटरव्यू चरण तक पहुंच गई लेकिन फाइनल लिस्ट तक नहीं पहुंच पाई। दूसरे प्रयास के बाद भी ऐश्वर्या ने हार नहीं मानी और एक बार फिर परीक्षा दी और अपने तीसरे प्रयास में AIR 97वीं रैंक हासिल कर अपने IPS बनने के सपने को पूरा किया।

विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान सुर्खियों में आई ऐश्वर्या सिंह

ऐश्वर्या सिंह के सुर्खियों में आने का कारण विपक्ष का विरोध प्रदर्शन हैं। विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और वहां अफरातफरी का माहौल हो गया था, उस दौरान ऐश्वर्या सिंह लोगों की मदद करती, उन्हें वहां से हटाती और पूरी सिचुएशन को संभालती नजर आई। इस घटनाक्रम के बाद उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आने लगे और लोगों का ध्यान उनकी भूमिका की ओर गया।

कहीं मदद करती दिखीं IPS ऐश्वर्या सिंह

ऐश्वर्या सिंह के वायरल वीडियो में उनकी ड्यूटी के अलग-अलग पहलू दिखाई देते हैं। एक वीडियो में वह लोगों की मदद के लिए जल्द गाड़ी लाने को कहती नजर आई, दूसरे वीडियो में वह एक शख्स को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ती दिखाई दीं।

वहीं एक अन्य वीडियो में वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस के सामने से हटाती नजर आई। इन सब वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से सोशल मीडिया पर लोगों की कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

सोशल मीडिया पर लेडी सिंघम के नाम से हुईं फेमस

ऐश्वर्या सिंह के वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई लोग ऐश्वर्या सिंह के काम की सराहना कर रहे हैं, एक यूजर ने उनकी तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें दिल्ली पुलिस की नई लेडी सिंघम बताया।

एक अन्य यूजर ने उनके साहस, अनुशासन और काम के प्रति समर्पण भाव की सराहना की। लेकिन वहीं कुछ यूजर्स ने उनके काम करने के तरीके पर कटाक्ष भी किए और उनकी आलोचना की।

IPS ऐश्वर्या सिंह ने दिल्ली के लोगों से की अपील

दिल्ली में जारी प्रदर्शनों को देखते हुए ऐश्वर्या सिंह ने दिल्ली के लोगों से कानून व्यवस्था का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य और विकसित समाज की बुनियाद कानून व्यवस्था होती है।

पुलिस की जिम्मेदारी शहर में शांति बनाए रखना है और इसके लिए वह तैनात हैं। उन्होंने BNS की धारा 163 लागू होने का जिक्र करते हुए लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की।

यह भी पढ़ें- BAMS डॉक्टर से IRS कमिश्नर बनने तक, अल्मोड़ा की बेटी श्रद्धा जोशी ने दिया सफलता का मंत्र

यह भी पढ़ें- चपरासी से IPS ऑफिसर बनने तक, 12th Fail मनोज शर्मा कैसे बनें कप्तान; बताया अपना सक्सेस मंत्र