चपरासी से IPS ऑफिसर बनने तक, 12th Fail मनोज शर्मा कैसे बनें कप्तान; बताया अपना सक्सेस मंत्र
‘12th Fail’ फिल्म से मशहूर हुए IPS मनोज कुमार शर्मा की यात्रा 12वीं में असफल होने से लेकर कड़ी मेहनत ...और पढ़ें

IPS मनोज कुमार शर्मा की प्रेरणादायक कहानी
HighLights
मनोज शर्मा मुंबई के नए संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त।
12वीं में फेल होकर बने 2005 बैच के IPS अधिकारी।
टेम्पो चलाकर और चपरासी बनकर की UPSC की तैयारी।
डिजिटल डेस्क, दिल्ली। फिल्म 12th Fail से लोकप्रिय हुए IPS मनोज कुमार शर्मा को हाल ही में मुंबई में नया ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस नियुक्त किया गया है। IPS मनोज कुमार कुमार शर्मा की कहानी UPSC और असल जिंदगी दोनों में ही काफी प्रेरणादायक है। 12वीं कक्षा में फेल होने के बाद भी वो कड़ी मेहनत और लगन से 2005 बैच के IPS अधिकारी बने।
मनोज कुमार शर्मा के जीवन पर आधारित फिल्म 12th Fail आने के बाद लोगों को इनके बारे में पता चला कि कैसे उन्होंने कई मुश्किलों का सामना करते हुए UPSC परीक्षा पास की।
बचपन से ही आर्थिक समस्या का किया सामना
IPS मनोज कुमार शर्मा का जन्म 3 जुलाई 1975 को मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के बिलगांव में हुआ था। मनोज एक साधारण परिवार में पले बढ़े जहां आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी।
उनकी शुरुआती जिंदगी मुश्किलों से भरी थी, लेकिन उन्हीं चुनौतियों ने बाद में मनोज कुमार के व्यक्तित्व को निखारा। IPS मनोज कुमार शर्मा का परिवार अक्सर गंभीर आर्थिक समस्याओं से जूझता था।
SDM की डांट ने बनाया सफल IPS अधिकारी
IPS मनोज कुमार शर्मा का स्कूल में रिकॉर्ड अच्छा नहीं था। मनोज ने 9वीं और 10वीं कक्षा थर्ड डिवीजन में पास की थी। शर्मा की जिंदगी में सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ एक SDM की डांट।
12वीं कक्षा में एक SDM ने उनको परीक्षा में नकल करने से रोक दिया था और मनोज कुमार हिंदी छोड़कर बाकी सभी विषयों में ईमानदारी से फेल हो गए।
संघर्षों से भरी रही मनोज कुमार की UPSC यात्रा
मनोज कुमार शर्मा B.A पास करने के बाद UPSC की तैयारी के लिए दिल्ली आ गए। दिल्ली में मुखर्जी नगर में उन्होंने रहना शुरू किया। लेकिन यहां भी उनकी आर्थिक स्थिति उनके सपनों के आगे आ गई।
अपना गुजारा करने के लिए मनोज कुमार वे टेम्पो चलाना और लाइब्रेरी में चपरासी जैसे छोटे-मोटे काम किए। उनकी UPSC यात्रा संघर्षों से भरी थी। अपने पहले ही प्रयास में मनोज कुमार ने प्रीलिम्स तो पास कर लिया था लेकिन मेन्स में फेल हो गए।
इसके बाद दूसरे और तीसरे प्रयास में वो प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाए। फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखा।
| कोशिश | नतीजा |
|---|---|
| पहली कोशिश | प्रीलिम्स पास किया, मेन्स में फेल |
| दूसरी कोशिश | प्रीलिम्स में फेल |
| तीसरी कोशिश | प्रीलिम्स में फेल |
| चौथी कोशिश (2005) | सफलता – AIR 121 |
2005 में अपने चौथे प्रयास में मनोज कुमार शर्मा ने UPSC में ऑल इंडिया रैंक 121 हासिल की और IPS के लिए चुने गए। उन्हें महाराष्ट्र कैडर मिला। चयन के बाद मनोज ने सरदार बल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में अपनी ट्रेनिंग पूरी की और 22 अगस्त 2005 को IPS अधिकारी के रूप में नियुक्त हुए।
UPSC की तैयारी के दौरान मिली जीवनसाथी
मनोज कुमार शर्मा की पत्नी श्रद्धा जोशी एक IRS अधिकारी हैं। मनोज और श्रद्धा की मुलाकात UPSC की तैयारी के दिनों में हुई थी। श्रद्धा ने एक कोचिंग ज्वाइन की थी वहीं पर पहली बार वो मनोज शर्मा से मिली थीं। फिर धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें शुरू हुई और यहीं से दोनों का सफर शुरू हो गया।
जब मनोज लगातार असफलता का सामना कर रहे थे और अपने सपने को पूरा करने में संघर्ष कर रहे थे तब श्रद्धा ने उनका साथ दिया और उन्हें अपना सफर जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अगस्त 2005 में सफल IPS अधिकारी बनने के बाद दिसंबर 2005 में मनोज ने श्रद्धा से शादी कर ली।
मनोज और श्रद्धा के दो बच्चे हैं एक बेटी मानुश्री और एक बेटा मानस। भले ही दोनों ऊंचे सरकारी पदों पर हैं, फिर भी वे सादा और अनुशासित जीवन जीते हैं। कई लोग उनकी यात्रा को सिविल सेवा में सबसे प्रेरणादायक साझेदारियों में से एक मानते हैं।
मुंबई पुलिस में IG रैंक पर कार्यरत हैं मनोज
मनोज कुमार शर्मा फिलहाल IG रैंक के अधिकारी के रूप में कार्यरत है। हाल ही में IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा को मुंबई में नया जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) नियुक्त किया गया है। वे पहले महाराष्ट्र के स्टेट लॉ एंड ऑर्डर डिपार्टमेंट में काम कर रहे थे और अब देश की आर्थिक राजधानी में पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की देखरेख कर रहे हैं।
| साल / समय | पद |
|---|---|
| 2005–2010 | असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP), महाराष्ट्र |
| 2010–2015 | डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP), मुंबई |
| 2015–2020 | एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस, मुंबई |
| 2020–2024 | सीनियर ऑफिसर (डेपुटेशन), CISF – एविएशन सिक्योरिटी |
| 2024 | इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर प्रमोशन |
| 2024–अभी तक | चीफ एयरपोर्ट सिक्योरिटी ऑफिसर (CASO), मुंबई |
IPS मनोज शर्मा इंडियन पुलिस सर्विस के 2005 बैच के अधिकारी हैं और उन्हें महाराष्ट्र कैडर मिला था। इतने सालों में, शर्मा ने महाराष्ट्र पुलिस में कई अहम पदों पर काम किया है। जिनमें असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP), डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) और मुंबई में एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस शामिल हैं।
फिल्म 12th Fail के बाद मशहूर हुए मनोज शर्मा
2023 में, डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा ने मनोज शर्मा के दोस्त अनुराग पाठक की किताब पर आधारित फिल्म '12th Fail' के जरिए मनोज की कहानी को पर्दे पर उतारा।
मनोज कुमार शर्मा ने अपनी जिंदगी पर बनी इस फिल्म के लिए कोई पैसे नहीं लिए। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, 'मैं पूरी तरह ईमानदार हूँ। मैं किसी से पैसे नहीं लेता।' उनके इस बयान ने लोगों के मन में उनके लिए सम्मान और ज्यादा बढ़ा दिया।
सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं मनोज शर्मा
IPS मनोज कुमार शर्मा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। '12th Fail' फिल्म रिलीज होने के बाद उन्हें काफी लोकप्रियता मिली और उनके फॉलोअर्स भी काफी बढ़ गए।
इंस्टाग्राम पर उनके 1.1 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं सोशल साइट x पर भी वो काफी एक्टिव रहते हैं और लोगों के साथ अपडेट शेयर करते हैं।
'हारा वही जो लड़ा नहीं'
IPS मनोज कुमार शर्मा की कहानी सिर्फ IPS अफसर बनने की कहानी नहीं है। उनका सफर दिखाता है कि असफलता आपका भविष्य तय नहीं कर सकती है। लाइब्रेरी में चपरासी और टेम्पो चलाने से लेकर सीनीयर पुलिस अधिकारी बनने तक मनोज कुमार शर्मा ने साबित किया कि कुछ असफलताएं या जीवन की कुछ कठिनाइयां आपको हरा नहीं सकती हैं।
मनोज कुमार शर्मा ने साबित किया कि बैकग्राउंड या मार्क्स से ज्यादा जरूरी है लगातार कोशिश करते रहना और खुद पर भरोसा रखना। आज, पुलिस महानिरीक्षक (IGP) के तौर पर, वे छोटे शहरों के उन सभी उम्मीदवारों के लिए उम्मीद की किरण हैं जिन्हें अपनी काबिलियत पर शक होता है।
