यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी को हराने के लिए लड़ूंगा वाराणसी से चुनाव: केजरीवाल
देश की जनता को अब सुरक्षा और न्याय की गारंटी दिलाने की बात कह कर आम आदमी पार्टी नेता अरविंद ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। देश की जनता को अब सुरक्षा और न्याय की गारंटी दिलाने की बात कह कर आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने वोट देने की अपील की है। मंगलवार को आइटीओ चौराहे के करीब ऐवाने गालिब में आयोजित गोष्ठी 'रोडमैप फॉर इंडियन मुस्लिम' में पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि वह भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ सिर्फ लड़ने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें हराने के लिए वाराणसी जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता देश की दो सबसे बड़ी समस्याएं हैं। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा के दो सबसे बड़े नेताओं राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी को हराना जरूरी है।
पढ़ें: एक दिन में तीन आप प्रत्याशियों ने लौटाए टिकट
केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से मैदान में उतरे पार्टी प्रत्याशी कुमार विश्वास के वहां डेरा डालने से अमेठी में हलचल मची हुई है। वाराणसी से नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए जनता से रायशुमारी कर वह भी जल्द ही फैसला ले लेंगे। उन्होंने कहा कि अगर वहां के लोग कहेंगे तो मैं मोदी के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हूं। इसके बाद केजरीवाल ने कहा कि हर तरफ बताया जा रहा है कि मोदी ही स्थायी सरकार दे सकते हैं, सवाल है कि अगर स्थायी सरकार देना ही पैमाना है तो मनमोहन सिंह से बेहतर भला कौन हो सकता है। स्थायित्व के मामले में तो उन्होंने बिना किसी दिक्कत के 10 वर्ष काट दिए।1केजरीवाल ने कहा कि लोग विकास की बात भी कर रहे हैं लेकिन अगर सुरक्षा नहीं होगी तो विकास भला कैसे होगा। सबसे जरूरी है सुरक्षा और न्याय। हम भ्रष्टाचार मुक्त भारत चाहते हैं। देश के सरकारी स्कूलों-अस्पतालों को ऐसा करना चाहते हैं कि वे निजी स्कूलों-अस्पतालों से आगे निकल सकें। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से देश में 23,500 दंगे हो चुके हैं। यह दंगे तब तक नहीं रुकेंगे जब तक इन्हें कराने वाले सबसे बड़े नेताओं को जेल में नहीं भेजा जाता। उनका ऐसा हश्र नहीं कर दिया जाता कि आगे से कोई दंगाई ऐसा करने की हिम्मत करे तो उसकी रूह कांप जाए। केजरीवाल ने कहा कि दंगे में लाखों लोग मरे लेकिन किसी नेता का रिश्तेदार क्यों नहीं मरता, हमेशा आम आदमी ही क्यों मरता है। क्योंकि दंगे वोट के लिए कराए जाते हैं। माता सुंदरी रोड स्थित गालिब सभागार में मंगलवार को मुसलमानों के राष्ट्रीय सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का सम्मान किया गया।
पढ़ें: वारणसी में केजरीवाल की सभा अब 25 को
झेलना पड़ा विरोध
गोष्ठी में शिरकत करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल को सभागार के बाहर मुस्लिम समुदाय के लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा। कार्यक्रम के बाद जब केजरीवाल लौट रहे थे तो उनकी गाड़ी का घेराव भी किया गया। आक्रोशित लोगों का आरोप था कि पार्टी की कथनी और करनी में काफी अंतर है।
पढ़ें: आप की सातवीं सूची जारी, कन्याकुमारी से लड़ेंगे उदय कुमार
व्यवस्था परिवर्तन गठबंधन ने जारी किया घोषणापत्रव्यवस्था परिवर्तन का दृढ़ संकल्प लेकर राजनीतिक अखाड़े में उतरे व्यवस्था पर्वितन गठबंधन एवं सहयोगी दलों ने मंगलवार को प्रेस क्लब में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र में कहा गया है कि राज्यों के पुनर्गठन के लिए आयोग बनाया जाएगा।
राज्यों का पुनर्गठन आर्थिक संसाधनों एवं सांस्कृतिक आधार पर होगा। गठबंधन के संस्थापक अध्यक्ष संसार चंद्र ने बताया कि सभी को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे एवं न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि देहात में रहने वाले सभी निवासियों को शत-प्रतिशत शिक्षा दी जाएगी। कश्मीर में आतंकवाद खत्म करने के लिए धारा 370 में संशोधन किया जाएगा। आचार्य चाणक्य के मंडल सिद्धांत के अनुसार विदेश नीति अपनाई जाएगी तथा विदेशों से जैसे को तैसे का संबंध रखा जाएगा।
