विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वारणसी में केजरीवाल की सभा अब 25 को

By Edited By:
Published: Tue, 18 Mar 2014 10:38 PM (IST)Updated: Wed, 19 Mar 2014 07:25 AM (IST)

आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल अब 25 मार्च को वाराणसी आएंगे। इसी दिन बेनियाबाग के मैदान में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

वाराणसी [जागरण संवाददाता]। आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल अब 25 मार्च को वाराणसी आएंगे। इसी दिन बेनियाबाग के मैदान में रैली होगी। पहले यह रैली 23 मार्च को होनी थी लेकिन वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन के मतदान के कारण जिला प्रशासन ने उस दिन के लिए अनुमति नहीं दी।

यह जानकारी मंगलवार को बनारस पहुंचे आप पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल वाराणसी संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगे। बेनियाबाग के एतिहासिक मैदान से इसकी औपचारिक घोषणा होगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का गुजरात विकास मॉडल पूरी तरह झूठ का पुलिंदा है। आम आदमी को इस विकास से कोई फायदा नहीं हुआ, इस माडल में सिर्फ उद्योगपति फिट बैठते हैं। आप इस माडल की पोलपट्टी को जनता के समक्ष रखेगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अन्य पार्टियों के साझा प्रत्याशी के बारे में कोई प्रस्ताव नहीं आया है।

टिकट को लेकर पार्टी में बगावत की बात को उन्होंने खारिज किया। कहा कि आप ने सिर्फ उन्हें प्रत्याशी बनाया है जिनपर बेईमानी, अपराध आदि आरोप नहीं हैं। प्रत्याशी बनाने के बाद भी किसी के खिलाफ शिकायत आती है तो उसको हटाया जा सकता है।

वाराणसी संसदीय सीट से मोदी के खिलाफ केजरीवाल के लड़ने के पीछे मुख्य वजह क्या है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि पहले बड़ी पार्टियां साझा चुनाव लड़ती थीं, बड़े नेताओं के खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं खड़ा करता था। अब ऐसा नहीं होने वाला। अरविंद ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि मोदी जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहीं से वे भी चुनाव लड़ेंगे, इसमें गलत क्या है। मेरा तो मानना है कि इस सीट से राहुल, मायावती, मुलायम को भी चुनाव लड़ना चाहिए। दुर्गाकुंड स्थिति एक स्थानीय शिक्षण संस्थान में प्रेसवार्ता के दौरान सिंह ने कहा कि आप तकरीबन 350 सीटों पर प्रत्याशी खड़ा कर रही है। यह पूछने पर कि कितनी सीटें आपकी होंगी, उन्होंने कहा-जनता जनार्दन की इच्छा।