हैदराबाद: जिम के लेडीज टॉयलेट में यौन शोषण के बाद किया था ब्लैकमेल, ट्रेनर को 20 साल की सजा
हैदराबाद में एक जिम ट्रेनर को महिला का यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल करने के आरोप में 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला गचीबोवली में 2015-2017 के बीच हुई घटना के नौ साल बाद आया है।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)
HighLights
जिम ट्रेनर को 20 साल के कठोर कारावास की सजा।
महिला का यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल करने का दोषी पाया गया।
हैदराबाद के रायदुर्गम में हुई थी यह वारदात।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के रायदुर्गम में 40 वर्षीय महिला का यौन उत्पीड़न करने के दोषी एक जिम ट्रेनर को शुक्रवार को अदालत ने 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
रंगारेड्डी जिले के 13वें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने फैसला सुनाया। यह निर्णय गचीबोवली की एक पॉश गेटेड कम्युनिटी में हुई इस वारदात के नौ साल बाद आया है।
दो साल तक किया यौन उत्पीड़न
मेहदीपट्टनम का रहने वाला 39 वर्षीय दोषी गचीबोवली की एक हाई-एंड गेटेड कम्युनिटी के जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता था। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने महिला शौचालय के अंदर यौन उत्पीड़न किया।
उसने जनवरी 2015 से फरवरी 2017 के बीच महिला को लगातार प्रताड़ित किया। रायदुर्गम पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कई बार महिला के फ्लैट में जबरन घुसपैठ भी की, उनका यौन शोषण किया और उन्हें डराया-धमकाया।
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के परिवार की प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी दी थी और उन्हें ब्लैकमेल करने की भी कोशिश की। आखिरकार, महिला ने हिम्मत जुटाकर अपने पति को अपनी आपबीती बताई।
पति के सहयोग से उन्होंने फरवरी 2017 में रायदुर्गम पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और बाद में अदालत में चार्जशीट दाखिल की। लंबी सुनवाई के बाद शुक्रवार को अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
ट्रेनर मोहम्मद मौजम अली पर 8 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है। अदालत ने आईपीसी की धारा 376, 448, 506 और 354(D)(I) के तहत दोषी पाया।
यह भी पढ़ें- तेलंगाना: चार करोड़ के कर्ज में डूबा पड़ोसी बना कातिल, फ्लैट में घुसकर किया महिला का मर्डर; 21 तोला सोना लूटा
यह भी पढ़ें- तेलंगाना के चेवेल्ला में आर्मी का ट्रक कंट्रोल खोकर पेड़ से टकराया, 8 जवान घायल