'हम बचाएंगे संविधान'...सदन के पहले दिन विपक्ष ने दिखाए तीखे तेवर, नीट को लेकर केंद्र पर जमकर बोला हमला
इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी विपक्षी नेताओं का साथ दिया। संविधान की प्रतियां अपने हाथों में लेकर विपक्षी सांसदों ने संविधान जिंदाबाद हम संविधान बचाएंगे और हम लोकतंत्र को बचाएंगे जैसे नारे लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को संविधान पर हमला करने की इजाजत नहीं देंगे।

संजय मिश्र, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों से उत्साहित विपक्ष सत्र के पहले दिन जोश में दिखा और इसने अपने तेवर दिखाए। I.N.D.I.A गठबंधन के सांसद सोमवार को शक्ति प्रदर्शन के लिए संसद परिसर में एकत्र हुए। वे संविधान की प्रतियां लेकर और 'लोकतंत्र बचाओ' के नारे लगाते हुए संसद भवन पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंद्योपाध्याय, द्रमुक के टीआर बालू समेत विपक्षी नेता संसद परिसर में उस स्थान पर एकत्र हुए, जहां कभी गांधी प्रतिमा हुआ करती थी।
कांग्रेस ने 'संविधान बचाओ' का दिया नारा
इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी विपक्षी नेताओं का साथ दिया। संविधान की प्रतियां अपने हाथों में लेकर विपक्षी सांसदों ने 'संविधान जिंदाबाद', 'हम संविधान बचाएंगे' और 'हम लोकतंत्र को बचाएंगे' जैसे नारे लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को संविधान पर हमला करने की इजाजत नहीं देंगे।
उन्होंने कहा, यह हमला हमें स्वीकार्य नहीं है और इसीलिए हम संविधान लेकर सदन में आए हैं। नई लोकसभा में कांग्रेस की ओर से नेता विपक्ष की औपचारिक घोषणा का अभी इंतजार है। मगर राहुल गांधी का विपक्षी बेंच की अग्रिम पंक्ति पर पहले दिन बैठने के अपने संकेत और संदेश हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य अपने-अपने अंदाज में आए। भाजपा के सदस्य पंक्तिबद्ध होकर एक साथ दाखिल हुए तो कांग्रेस के सभी सांसदों ने राहुल गांधी की अगुआई में हाथ में संविधान की प्रति लेकर एक साथ प्रवेश किया।
इस लूक में सदन में नजर आए सपा सांसद
समाजवादी पार्टी के सभी सदस्य सिर पर लाल टोपी और कंधे पर इसी रंग का गमछा रखकर सदन में आए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव फैजाबाद से जीते पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद को साथ लेकर आगे आए। के सुरेश, कल्याण बनर्जी के साथ पहली पंक्ति में बैठे राहुल गांधी से अखिलेश और अवधेश गर्मजोशी से मिले और फिर उनके साथ ही बैठ गए। शपथ के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच तंज-ताने के दौर भी चलते रहे।
कल्याण बनर्जी ने जब ली चुटकी
इस क्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जब शपथ के लिए आए तो कल्याण बनर्जी ने चुटकी लेते हुए कहा कि आपके बयानों की वजह से हमारी सीटें बढ़ गईं। इसके लिए आपका धन्यवाद। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के शपथ लेते वक्त विपक्षी सदस्यों ने नीट-नीट के नारे लगाए। मंत्रियों के शपथ के बाद राज्यवार सांसदों के शपथ का क्रम शुरू हुआ जो मंगलवार को भी जारी रहेगा।
लोकसभा में यह पहली बार दिखा कि आसन के दाईं ओर सत्ता पक्ष के सदस्यों की शपथ के लिए माइक लगाई गई है तो बाईं ओर विपक्षी सांसदों की शपथ के लिए माइक है। विपक्षी खेमे के सांसदों ने इसको लेकर यह कहते हुए सवाल भी उठाया कि लोकसभा में पहले सभी सदस्य एक ही जगह खड़े होकर शपथ लेते थे। अब परंपरा तोड़ी और बदली जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।