G-20 Summit: इंडोनेशिया में 20 हजार के नोट पर अंकित है विध्नहर्ता मंगलकर्ता भगवान गणेश का चित्र
पीएम मोदी ने इंडोनेशिया में जी-20 सम्मेलन के दौरान श्री गणेश का जिक्र किया। भगवान श्री गणेश वहां के 20 हजार के नोट पर अंकित है। इंडोनेशिया में भगवान हनुमान से लेकर श्री कृष्ण तक सभी का एक महत्व है।
नई दिल्ली (आनलाइन डेस्क)। पीएम नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जी-20 देशों के सम्मेलन के मंच से अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि आज का भारत किस तेजी से तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारत के भविष्य का प्लान भी दुनिया के देशों से साझा किया। इन सभी के बीच उनके मुंह से विदेशी धरती पर निकला भगवान श्री गणेश का नाम किसी आश्चर्य से कम नहीं रहा। ये भले ही बाकी दुनिया के लिए आश्चर्य की बात हो लेकिन भारत और इंडोनेशिया के लिए इसमें कोई हैरानी की बात नहीं थी। दरअसल, ये दोनों देश काफी हद तक एक ही संस्कृति को साझा करते हैं।
मुस्लिम बहुल देश में हिंदू देवी-देवता
इंडोनेशिया भले ही एक मुस्लिम बहुल और इस्लामिक देश है लेकिन इसका एक दूसरा पहलू भी है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि जिस तरह से श्री गणेश को भारत में किसी भी शुभ कार्य से पहले पूजा जाता है वैसे ही इंडोनेशिया में वो पूजनीय हैं। यही वजह है कि इंडोनेशिया के 20 हजार के नोट पर भगवान श्री गणेश का चित्र अंकित है। इंडोनेशिया में भारतीय देवी-देवताओं का उदाहरण केवल वहां की मुद्रा में ही दिखाई नहीं देता है बल्कि, कई ऐसी जगह हैं जहां पर भारत के देवी देवताओं को सुशोभित किया गया है।
अर्जून को ज्ञान देते भगवान श्री कृष्ण
इंडोनेशिया में एक सार्वजनिक स्थल पर अर्जुन को जीवन के गूढ़ रहस्यों और भगवत गीता का ज्ञान देते हुए एक प्रतीमा लगी हुई है। इतना ही नहीं इंडोनेशिया में कई सारी हिंदू परंपराओं का पालन किया जाता है। आपको ये भी जानकर हैरानी होगी कि जिस देश में हिंदू आबादी महज 3 फीसद है वहां पर हिंदू देवी-देवताओं को कितना महत्व दिया जाता है। इंडोनेशिया की जिस करेंसी का जिक्र हमनें ऊपर किया है उस पर भगवान श्री गणेश का चित्र इसलिए भी अंकित किया गया है क्योंकि वो वहां पर शिक्षा, कला और विज्ञान के देवता के रूप में पूजे जाते हैं। यही वजह है कि इस नोट के दूसरी तरफ एक क्लासरूम की तस्वीर को छापा गया है। इस पर इंडोनेशिया की आजादी के नायक और देश के पहले शिक्षा मंत्री हजर देवांत्रा की तस्वीर भी छपी है।
इंडोनेशिया की आर्मी का निशान भगवान हनुमान
आपको ये जानकर भी हैरानी होगी कि कुछ वर्षों पहले जब इंडोनेशिया की आर्थिक हालत बेहद देयनीय थी, तब काफी विचार के बाद देश में 20 हजार का नोट जारी किया गया था और इस पर श्री गणेश का चित्र छापा गया था। इंडोनेशिया में ऐसा माना जाता है कि इस नोट के चलन में आने के बाद से वहां की अर्थव्यवस्था में पहले की तरह कभी गिरावट नहीं आई है। हिंदू देवी-देवताओं से इंडोनेशिया के संबंध को इस तरह से भी देखा जा सकता है कि वहां की आर्मी का पहचान चिन्ह हनुमान जी हैं। इंडोनेशिया में महाभारत में पांडवों की तरफ से लड़ने वाले घटोत्कच की भी प्रतिमा स्थापित है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।