Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मुसलमानों के हित का रखा जायेगा पूरा ख्याल: मुलायम

समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि सपा सरकार मुसलमानों के हितों का पूरा ख्याल रखेगी। उनके सम्मान पर आंच नहीं आने दी जायेगी। सरकार की कोशिश मुसलमानों को वाजिब आरक्षण देने के साथ उनकी आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक स्थिति सुधारने की रहेगी।

By Edited By: Updated: Sat, 17 Mar 2012 12:12 AM (IST)
Hero Image

लखनऊ [जाब्यू]। समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि सपा सरकार मुसलमानों के हितों का पूरा ख्याल रखेगी। उनके सम्मान पर आंच नहीं आने दी जायेगी। सरकार की कोशिश मुसलमानों को वाजिब आरक्षण देने के साथ उनकी आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक स्थिति सुधारने की रहेगी।

वह सपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इनमें बड़ी तादाद में मुस्लिम समाज के लोग थे। यादव ने कहा कि इस बार चुनाव में जितना खुलकर मुसलमानों ने सपा के पक्ष में मतदान किया, उतना समर्थन पहले कभी नहीं मिला था। ऐसे में सरकार भी मुस्लिम समाज का पूरा ख्याल रखेगी।

मंत्रिमंडल में उन्हें अच्छी खासी हिस्सेदारी देना इसका प्रमाण है। चुनाव घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों विशेषकर मुसलमानों के बारे में जो भी वायदे किए गए है, उन्हें अवश्य पूरा किया जाएगा। उनके मदरसों, कब्रिस्तानों और दरगाहों को पूरा संरक्षण मिलेगा।

सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को संयम और अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि कहा कि पूरे देश की नजर उनपर है ऐसे में उन्हें कोई ऐसा काम नहीं करना है जिससे किसी को कुछ भी कहने को मौका मिले। राजनीतिक क्षितिज पर सपा का जो मान और ताकत बढ़ी है, उसे कायम रखना है।

आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुटना होगा। केन्द्र में जिस दिन सपा इस लायक हो गयी कि बिना उसके कोई सरकार न बने, उस दिन देश की तकदीर बदल जायेगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश भले ही मुख्यमंत्री हो पर आज भी जनता के बीच ही नजर आते हैं। मेरी इच्छा है कि मुख्यमंत्री बेदाग रहें, उनके व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन पर कोई अंगुली न उठे।

मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही चुनाव घोषणा पत्र में शामिल कई बिन्दुओं पर निर्णय लिए जाने की भी उन्होंने सराहना की। उन्होंने पिछली बसपा सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि वह केवल 20-30 लोगों के हित के लिए काम करती थी जबकि सपा सरकार 20 करोड़ लोगों के लिए काम करेगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर