Ganesh Utsav: अयोध्या के राम मंदिर की थीम पर गुजरात में बना गणेश पंडाल, लोगों के आकर्षण का केंद्र
पंडाल का प्रवेश द्वार राम मंदिर के प्रवेश द्वार की तरह प्रतीत होता है। इस पंडाल को भातर रोड पर विगत 25 वर्षों से बनाया जा रहा है। इसे लोगों का एक समूह तैयार करता है। इस साल यहां दस दिवसीय गणपति उत्सव मनाया जा रहा है।
नई दिल्ली, एजेंसियां: अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर की थीम पर गुजरात के सूरत में बनाया गया एक गणेश पंडाल लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है। इसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो रही है। आयोजकों का कहना है कि इसके स्तंभ और प्रकाश आगंतुकों को वास्तव में मंदिर के अंदर होने का आभास कराते हैं।
उन्होंने दावा किया कि पंडाल का प्रवेश द्वार राम मंदिर के प्रवेश द्वार की तरह प्रतीत होता है। इस पंडाल को भातर रोड पर विगत 25 वर्षों से बनाया जा रहा है। इसे लोगों का एक समूह तैयार करता है। इस साल यहां दस दिवसीय गणपति उत्सव मनाया जा रहा है। विगत वर्ष इस पंडाल को जयपुर शहर की थीम पर बनाया गया था। साथ ही बताया जा रहा है कि लगभग 60 लाख रुपये की लागत से पंडाल बनाया गया है जो दान से आया है।
पंडाल के अंदर, रामायण में चित्रित भगवान राम के जीवन को प्रदर्शित करने के लिए बड़े पोस्टर लगाए हैं। पंडाल में स्थापित भगवान गणेश की मूर्ति मुंबई से लाई गई है। इसे प्रसिद्ध लालबागचा बनाने वाले कलाकारों द्वारा बनाया गया था। इस संरचना को बनाने में लगभग दो महीने लगे। ऑनलाइन उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर, हमने डिजाइन तैयार किया और फिर फाइबर और घास का उपयोग करके खंभे बनाए। उन्हें इस तरह से चित्रित किया गया है कि वे पत्थर से बने मूल मंदिर के खंभे की तरह दिखते हैं।
पंडाल का प्रवेश द्वार राम मंदिर के प्रवेश द्वार की सटीक प्रतिकृति है। पंडाल के अंदर के खंभे और रोशनी से यह आभास होगा कि आप वास्तव में मंदिर के अंदर हैं। संरचनात्मक सीमाओं के कारण, हमने शिखर नहीं बनाया है। इसलिए पंडाल आगे और अंदर से राम मंदिर जैसा दिखेगा। बताया जा रहा है कि पंडाल में रोजना करीब आठ से दस हजार लोग आते हैं।