'मैं इसरो का आभारी हूं, क्योंकि...' स्पेस स्टेशन से शुभांशु शुक्ला ने ISRO चीफ से क्या कहा?
गगनयात्री शुभांशु शुक्ला ने आईएसएस तक सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इसरो को धन्यवाद दिया। एक्सिओम-4 मिशन के तहत वे 26 जून से आईएसएस पर हैं। उन्होंने इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन को फोन करके इसरो की टीम के प्रयासों की सराहना की। इसरो प्रमुख ने शुभांशु से वैज्ञानिक प्रयोगों की जानकारी ली और गगनयान मिशन के लिए महत्वपूर्ण जानकारियों के दस्तावेजीकरण पर जोर दिया।

पीटीआई, बेंगलुरु। गगनयात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आइएसएस) तक सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में इसरो के प्रयासों के लिए आभार जताया है। एक्सिओम-4 मिशन के तहत 26 जून से शुभांशु आइएसएस पर हैं।
शुभांशु ने छह जुलाई को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन को फोन काल कर आइएसएस की अपनी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में प्रयासों के लिए इसरो अध्यक्ष और इसरो की पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
इसरो प्रमुख ने शुभांशु से ली विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों की जानकारी
उन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन पर चल रहे प्रयोगों और गतिविधियों की प्रगति पर भी अपडेट साझा किए। इस चर्चा में इसरो के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बातचीत के दौरान इसरो प्रमुख ने शुभांशु का हालचाल पूछा और आइएसएस पर किए जा रहे विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
नारायणन ने इस बात पर बल दिया कि शुभांशु पृथ्वी पर लौटने के बाद सभी प्रयोगों और गतिविधियों का सावधानीपूर्वक दस्तावेजीकरण करें ताकि भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकें।
गौरतलब है कि शुभांशु को इसरो के मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान के लिए भी शार्टलिस्ट किया गया है। गगनयान अभियान का उद्देश्य पृथ्वी की 400 किलोमीटर पर स्थित निचली कक्षा में अंतरिक्षयात्रियों को भेजने और इसके बाद पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी करवाने की भारत की क्षमता का प्रदर्शन करना है। एक्सिओम-4 मिशन से प्राप्त अनुभव इसकी सफलता के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।