जी किशन रेड्डी आज 'भारत छोड़ो आंदोलन' के 79वीं वर्षगांठ पर एक प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन
इस कार्यक्रम की अधिक जानकारी देते हुए संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी केंद्रीय संसदीय मामलों और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की उपस्थिति में रविवार को सुबह 1130 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी रविवार को 'भारत छोड़ो आंदोलन' की 79 वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार में 'भारत छोड़ो आंदोलन' पर एक प्रदर्शनी प्रस्तुत की जा रही है।
इस कार्यक्रम की अधिक जानकारी देते हुए संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय संसदीय मामलों और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की उपस्थिति में रविवार को सुबह 11:30 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। सार्वजनिक अभिलेखों, निजी पत्रों, मानचित्रों, तस्वीरों और अन्य संबद्ध सामग्री के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भारत छोड़ो आंदोलन के महत्व को चित्रित करने का एक प्रयास किया गया है। यह प्रदर्शनी 9 अगस्त से सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक जनता के लिए 8 नवंबर, 2021 तक खुली रहेगी।
बता दें कि भारत छोड़ो आंदोलन महात्मा गांधी द्वारा 8 अगस्त, 1941 को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान शुरू किया गया था, जिसमें भारत में ब्रिटिश शासन को समाप्त करने की मांग की गई थी।
भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में पूरे भारत में लोग साम्राज्यवाद को उखाड़ फेंकने के लिए एक साथ आए। इस दिन 1942 में गांधी ने सभी भारतीयों को देश से अंग्रेजों को भगाने के लिए 'करो या मरो' का नारा दिया था। आंदोलन की शुरुआत मुंबई के गवलिया टैंक से हुई थी। इस दिन को हर साल अगस्त क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।