Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चीन से लेकर पुलवामा तक... सैम पित्रोदा ने अपने बयानों से कब-कब कराई कांग्रेस की फजीहत?

    Updated: Mon, 17 Feb 2025 11:30 PM (IST)

    इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने चीन को लेकर ऐसा बयान दिया जिससे वह बीजेपी के निशाने पर आ गए। कांग्रेस ने भी उनके बयान से खुद को अलग कर लिया है। पित्रोदा ने कहा कि चीन हमारा दुश्मन नहीं है। पित्रोदा के इस बयान को कांग्रेस पार्टी ने निजी बताया है। हालांकि पहली बार नहीं है जब पित्रोदा ने कांग्रेस की फजीहत कराई है।

    Hero Image
    सैम पित्रोदा ने कई बार अपने बयानों से कराई कांग्रेस की फजीहत। (फोटो- पीटीआई)

    जेएनएन, नई दिल्ली। कभी-कभी बोलते हुए जुबान फिसल जाती है। कहना कुछ होता है और कह कुछ देते हैं, लेकिन जब बार-बार जुबान फिसले तो बड़ी मुसीबत हो जाती है। सफाई देना मुश्किल हो जाता है।

    कांग्रेस के लिए इसी तरह की मुसीबत आ खड़ी हुई है। इसका कारण एक बार फिर बने हैं इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा। पित्रोदा ने कहा कि चीन हमारा दुश्मन नहीं है।

    हालांकि कांग्रेस ने उनके बयान से पल्ला झाड़ लिया है, लेकिन पित्रोदा ने अपने बयान से कांग्रेस की मुसीबत बढ़ा दी है, क्योंकि भाजपा पहले से ही राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को लेकर आक्रामक है। पहली बार नहीं है जब पित्रोदा ने कांग्रेस की फजीहत कराई है। आइए नजर डालते हैं पित्रोदा के ऐसे ही बयानों पर।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वोत्तर के लोगों की चीनियों से दी थी तुलना

    लोकसभा चुनाव के दौरान पित्रोदा ने देश में पूर्वोत्तर के लोगों की तुलना चीन के लोगों से कर दी थी। उन्होंने कहा था पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं। विवाद बढ़ते देख कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से खुद को किनारे कर लिया था।

    विरासत कर का किया था समर्थन

    इससे पहले पित्रोदा ने विरासत करते हुए कहा था कि अमेरिका में 55 प्रतिशत विरासत टैक्स लगता है। सरकार 55 फीसदी हिस्सा ले लेती है। भारत में भी इन मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। बयान पर विवाद बढ़ा तो कांग्रेस ने इस बयान से भी किनारा कर लिया था।

    1984 के सिख विरोधी दंगों पर कहा था- हुआ तो हुआ

    साल 2019 में जब पित्रोदा से 1984 के सिख दंगों को लेकर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, हुआ तो हुआ। पित्रोदा के इस बयान पर काफी बवाल मचा था। पीएम मोदी ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस को घेरा था और लोकसभा चुनाव में यह मुद्दा बना था।

    मध्यम वर्ग को बताया था स्वार्थी

    पित्रोदा ने 2019 में ही देश में मध्यम वर्ग को स्वार्थी करार दिया था। एक साक्षात्कार मे कांग्रेस की न्याय योजना के संदर्भ में उन्होंने कहा था कि देश में अगर न्यूनतम आय योजना लागू की जाती है तो इससे थोड़ा टैक्स बढ़ जाएगा। ऐसे में मिडिल क्लास को स्वार्थी नहीं होना चाहिए और उन्हें बड़ा दिल दिखाना चाहिए।

    पुलवामा हमले पर दिया था विवादित बयान

    साल 2019 में जब पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था और सीआरपीएफ के 40 जवान बलिदान हुए थे तो पित्रोदा ने कहा था- पुलवामा जैसे हमले होते रहते हैं। पित्रोदा ने राम मंदिर को लेकर कहा था कि मंदिर से भारत के बेरोजगारी, महंगाई , शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान नहीं होगा।

    यह भी पढ़ें: 'गलवान के शहीदों का अपमान है', सैम पित्रोदा के चीन वाले बयान के बाद भड़की भाजपा

    यह भी पढ़ें: Sam Pitroda: 'चीन हमारा दुश्मन नहीं', फिर विवादों में कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा; BJP ने घेरा