बेंगलुरु में एक और IT इंजीनियर की मौत, फांसी लगाने से पहले बच्चों को खिलाया जहर; पुलिस कर रही जांच
बेंगलुरु में सदाशिवनगर थाना अंतर्गत आने वाले आरएमवी स्टेज 2 स्थित एक मकान में एक ही परिवार के 4 लोग मृत पाए गए हैं। मृतकों में 5 और 2 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। ये परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला था। बेंगलुरु स्थित किराए के मकान में ये लोग रहते थे। मकान से शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु के एक मकान में एक ही परिवार के 4 लोग मृत पाए गए हैं। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय अनूप कुमार, 35 वर्षीय उनकी पत्नी राखी और 5 वर्षीय बेटी व 2 वर्षीय बेटे के तौर पर हुई है। ये सभी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले थे।
अनूप कुमार एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट थे। मामले की जानकारी मिलते ही सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया। हालांकि इनकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
किराए के मकान में रहता था परिवार
ये सभी लोग बेंगलुरु स्थित आरएमवी स्टेज 2 में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम में ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। इलाके के मकान में शव मिलने से लोगों में सनसनी फैल गई।
बेंगलुरु सिटी के डीसीपी शेखर एच टेक्कन्नवर ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मरने वालों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। मामले की जांच की जा रही है।
काफी देर तक नहीं खुला दरवाजा
सोमवार सुबह घर पर काम करने वाली मेड पहुंची, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। पड़ोसियों ने पुलिस को बुला लिया। जब पुलिस घर में दाखिल हुई, तब उसे कपल और बच्चों के शव मिले।
शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि अनूप और राखी ने फंदे पर लटकने से पहले अपने बच्चों को जहर खिलाया। बताया जा रहा है कि कपल अपने बड़ी बेटी की स्वास्थ्य समस्या को लेकर काफी परेशान था। उनकी बेटी अनुप्रिया दिव्यांग थी।
पुड्डुचेरी जाने वाला था परिवार
घर में काम करने वाली महिला ने बताया कि बेटी के कारण कपल मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। परिवार पुड्डुचेरी घूमने जाने का भी प्लान बना रहा था। इसके लिए पैकिंग की जा चुकी थी। परिवार ने एक कुक और बच्चों के लिए केयरटेकर भी रखा हुआ था। पुलिस ने बताया कि घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
छात्र की मौत से हड़कंप
वहीं एक दूसरी घटना में बेंगलुरु आईआईएम के छात्र की हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्र गुजरात का रहने वाला था। शनिवार को उसका जन्मदिन था।
जन्मदिन मनाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था। अगले दिन सुबह 6 बजे उसका शव हॉस्टल के लॉन में पड़ा हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।