यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kerala: फेडरल बैंक ने केरल सरकार को दान दे दी 1.55 एकड़ जमीन, जानें क्या है इसके पीछे का कारण
फेडरल बैंक ने केरल सरकार के लाइफ मिशन प्रोजेक्ट के लिए 1.55 एकड़ जमीन दान की है। देश की आजादी ...और पढ़ें

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। फेडरल बैंक ने केरल की लेफ्ट सरकार को 1.55 एकड़ जमीन दान में दे दी है। दरअसल, देश की आजादी के 75वें वर्ष के जश्न के तहत बेघर गरीबों के लिए घर बनाने के लिए बैंक ने 1.55 एकड़ जमीन उपहार में दी है। संपत्ति को सरकार की प्रमुख 'लाइफ मिशन' परियोजना के लिए सौंप दिया गया है, जिसके तहत बेघर और भूमिहीनों को मुफ्त आवास प्रदान करने का संकल्प लिया गया है।
40 परिवारों को होगा फायदा
बैंक ने एक बयान में कहा कि बैंक के इस नेक काम से दक्षिणी राज्य के कम से कम 40 परिवारों को फायदा होने की उम्मीद है। मंत्री एम वी गोविंदन मास्टर, बैंक के ऋण संग्रह और वसूली विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रमुख राजनारायणन एन आदि की उपस्थिति में यह जमीन दी गई।
केरल सरकार की पहल से जुड़ना गर्व की बात
इस मानवीय पहल पर टिप्पणी करते हुए मंत्री राजनारायणन ने कहा कि फेडरल बैंक हमेशा समाज के स्थायी, दीर्घकालिक सुधार में विश्वास करता है जिसमें वह रहता है और बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि इसलिए, बेघरों को आश्रय प्रदान करने के लिए केरल सरकार की सार्थक पहल के साथ जुड़ने पर सबको बहुत गर्व है।
वर्ष 2016 में शुरू हुई परियोजना
बता दें कि एलडीएफ सरकार द्वारा 28 सितंबर 2016 को राज्य में सभी भूमिहीन और बेघर परिवारों को आवास सुविधाएं प्रदान करने के लिए एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम 'लाइफ मिशन' (आजीविका और वित्तीय अधिकारिता मिशन) शुरू किया गया था। परियोजना के तहत सरकारी धन, प्रायोजन और स्थानीय स्व-सरकारी संस्थानों के धन का उपयोग करके बेघर और गरीब लोगों को घर प्रदान किया जाना है।
