Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर भारत में जारी रहेगी कड़ाके की ठंड, 50 उड़ानें रद, ट्रेनों का भी बदला समय; UP-Bihar के लिए अलर्ट जारी

    Updated: Sun, 05 Jan 2025 11:30 PM (IST)

    Weather News उत्तर भारत में लगातार कड़ाके की ठंड जारी है। घने कोहरे ने दिल्ली समेत कई राज्यों को अपनी चपेट में ले रखा है। इस बीच पहाड़ी राज्यों में फिर से बर्फबारी शुरू हो गई है जिससे ठंड और बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यूपी बिहार दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए आने वाले दिनों के लिए मौसम का हाल बताया है। पढ़े पूरी अपडेट।

    Hero Image
    कोहरे के कारण कई एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य रही। (File Image)

    जागरण टीम, नई दिल्ली। घने कोहरे और कड़ाके ठंड से रविवार को भी पूरे उत्तर भारत में जनजीवन प्रभावित रहा। दिल्ली और एनसीआर में रविवार सुबह साढ़े तीन घंटे तक कोहरे की चादर लिपटी रही, जिसके कारण कई क्षेत्रों में दृश्यता शून्य रही। इससे हवाई सेवा और रेलवे दोनों प्रभावित हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह चार बजे से साढ़े सात बजे तक दृश्यता शून्य होने से उड़ानें प्रभावित रहीं। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस था। कोहरे के कारण श्रीनगर, पटना, दरभंगा समेत कई एयरपोर्ट पर उड़ानें रद करनी पड़ी एवं उनमें देरी भी हुई।

    पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी

    रेल यातायात भी कोहरे के कारण खासा प्रभावित रहा। वंदे भारत, राजधानी समेत 50 से ज्यादा यात्री ट्रेनों की रफ्तार थम सी गई और वह घंटों की देरी से गंतव्य तक पहुंची। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस वे पर भी दृश्यता कम होने के कारण वाहन रेंगते नजर आए।

    इस बीच अब पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ों पर एक बार फिर से हिमपात शुरू हो गया है। जम्मू कश्मीर में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण रविवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी 50 उड़ानें रद कर दी गईं। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को कश्मीर समेत जम्मू संभाग के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी खासी बर्फबारी की पूरी संभावना जताई है।

    उत्तराखंड में करवट बदल सकता है मौसम

    घाटी के कोकेरनाग में शनिवार की रात तापमान माइनस 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर में यह सबसे ठंडा स्थान रहा। उत्तराखंड में रविवार को चटख धूप के बाद सोमवार को एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है। निचले क्षेत्रों में बादल छाये रहने, कहीं-कहीं हल्की वर्षा और 3,000 मीटर से अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

    तापमान में कमी का अनुमान

    मौसम बदलने से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान है। हिमाचल में रोहतांग सहित ऊंची चोटियों बारालाचा व शिंकुला में रविवार को हल्का हिमपात हुआ। मनाली व लाहुल स्पीति सहित अन्य स्थानों में बादल छाए रहे। रविवार को कुछ एक स्थानों पर अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है, जबकि कुछ स्थानों में करीब छह डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

    मौसम विभाग ने छह जनवरी को प्रदेश में ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब में सुबह कोहरा और शाम को ओलावृष्टिपंजाब में रविवार सुबह भी कोहरे ने परेशान किया, हालांकि दिनभर धूप खिलने से राहत मिली। इसी बीच शाम होते ही राज्य के कुछ जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि हुई।

    मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

    मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अमृतसर एयरपोर्ट पर सुबह कोहरे के कारण दिल्ली की उड़ान एक घंटे की देरी से पहुंची। वहीं हरियाणा में नारनौल दूसरे दिन भी 6.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। हरियाणा में भी सुबह कई जगहों पर घना कोहरा रहा।

    कोहरे और ठंड का असर बरकरार उत्तर प्रदेश में रविवार को भी कई जिलों में घने कोहरे का प्रभाव बना रहा। इस वजह से लखनऊ समेत वाराणसी एयरपोर्ट पर दृश्यता बेहद कम रही और उड़ानें विलंबित रहीं। इटावा में रात को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां की रात प्रदेश में सबसे सर्द रही।

    यूपी और बिहार का हाल

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि छह जनवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। बिहार की बात करें तो राज्य में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। रविवार को 6.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मोतिहारी राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। कोहरे के कारण रविवार को पटना एयरपोर्ट पर दृश्यता 900 मीटर भी नहीं थी। इस वजह से विमानों का परिचालन 12.30 बजे के बाद शुरू हुआ। खराब मौसम के कारण पटना व दरभंगा एयरपोर्ट से 16 विमानों की उड़ानें रद रहीं।