चेन्नई से खाली हाथ लौटा विपक्ष, अब पवार से आस: परिसीमन बिल पर स्टालिन की राहुल को 'ना'
विपक्षी आईएनडीआईए गठबंधन के शीर्ष नेता चेन्नई में द्रमुक प्रमुख स्टालिन को परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए मनाने में विफल रहे, क्योंकि स्टालिन ने तमिलनाडु के हित में बिल का समर्थन करने की बात कही।
-1795972656252_m.webp)
विपक्ष स्टालिन को परिसीमन विधेयक पर मनाने में असफल रहा (फोटो- ANI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संजय मिश्र, नई दिल्ली। लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के लिए लाए जा रहे परिसीमन से जुड़े 132वें संविधान संशोधन विधेयक की राह रोकने के लिए तुरूप के पत्ते द्रमुक प्रमुख स्टालिन को मनाने की विपक्षी आईएनडीआई गठबंधन की आखिरी कोशिश कामयाब नहीं हो पायी है।
विपक्ष के शीर्षस्थ नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी का अभूतपूर्व कदम उठाते हुए चेन्नई जाकर स्टालिन से मिलकर उन्हें समझाने का अंतिम प्रयास भी विफल हो गया।
विपक्ष स्टालिन को परिसीमन विधेयक पर मनाने में असफल रहा
स्टालिन ने विपक्षी नेताओं का शिष्टाचार बस स्वागत सत्कार तो किया मगर परिसीमन बिल का विरोध करने से यह कहते हुए साफ इन्कार कर दिया कि तमिलनाडु के हित में इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा द्रमुक के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
वहीं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने स्टालिन से मुलाकात के बाद कहा कि द्रमुक जो भी कहे पर हकीकत है कि लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने से भाजपा को भारत के चुनावी नक्शे को अपने पक्ष में बदलने की ताकत मिल जाएगी और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
चेन्नई में स्टालिन को मनाने का प्रयास विफल होने के बाद विपक्षी नेताओं ने वहां से मुंबई रवाना हो गए हैं जहां रात नौ बजे के करीब एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार से उनकी मुलाकात होगी।
एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने विपक्षी गठबंधन को को गच्चा देते हुए परिसीमन बिल पर संसद में सरकार का समर्थन करने का फैसला कर पार्टी की ओर से अपने आठ सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है।
हालांकि परिसीमन पर समर्थन को लेकर पवार परिवार में मतभेद सामने आ गए हैं और शरद पवार के पोते रोहित पवार ने सुप्रिया के कदम का विरोध करते हुए उन्हें पत्र लिखकर इसे सीनियर पवार की 60 साल की वैचारिक तपस्या भंग करने वाला कदम बताया है।
चार्टर प्लेन से स्टालिन से मिलने पहुंचे थे विपक्षी नेता
परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन पर द्रमुक तथा एनसीपी-एसपी के सरकार के पाले में जाने के बाद विपक्षी आईएनडीआईए गठबंधन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस के पास बिल का रास्ता रोकने के लिए स्टालिन और पवार को वापस लाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता बचा नहीं है।
इसीलिए अंतिम प्रयास करने के लिए सोनिया गांधी समेत तमाम शीर्ष विपक्षी नेता रविवार को दो अलग-अलग चार्टर प्लेन में सवार होकर पहले स्टालिन से मिलने चेन्नई पहुंचे और उनसे बातचीत के बाद शाम को शरद पवार से मिलने मुंबई की उड़ान भरी।
चेन्नई में स्टालिन ने अपने आवास पर सोनिया गांधी, खरगे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, माकपा महासचिव एमए बेबी आदि का स्वागत सत्कार करने के बाद करीब 70 मिनट की बातचीत की मगर उन्हें खाली हाथ लौटा दिया।
विपक्षी नेताओं को विदा करने के बाद स्टालिन ने पत्रकारों से बातचीत में साफ कहा 'अगर 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता है तो तमिलनाडु ही नहीं दक्षिण राज्यों पर इसका असर बुरा असर होगा।
यह दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक पार्टियों के लिएउनके अस्तित्व की लड़ाई है। ऐसे हालात में इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा हमारे पास न कोई और रास्ता है न कोई दूसरा विकल्प।'
इतना ही नहीं स्टालिन ने इसे अपने लिए फायदे का सौदा बताने से भी यह कहते हुए गुरेज नहीं किया कि संसद में अपनी ताकत के दम पर हमने अगले 25 सालों के लिए तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित कर लिया है।
स्टालिन ने तमिलनाडु के हित में बिल का समर्थन किया
विपक्षी दिग्गजों के घर पर दस्तक देने के बावजूद अपने रूख से टस से मस नहीं होने का संदेश देते हुए स्टालिन ने कहा कि इस मामले में कोई भी भावुक या जल्दबाजी में लिया गया फैसला करने की कोई गुंजाइश नहीं है।
स्टालिन ने कहा कि पूरे देश से आए विपक्ष के नेताओं को हमने अपना यह रूख बता दिया और उनके लिए तमिलनाडु का हित सबसे पहले है।
स्टालिन से मुलाकात के बाद चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने द्रमुक नेता के रूख पर कोई टिप्पणी नहीं की मगर कहा की लोकसभा की 850 सीटों को तैयार करने का अधिकार मिलने के साथ ही भाजपा पूरे देश का चुनावी मानचित्र बदल अपने फायदे के हिसाब से परिसीमन करेगी और देश में लोकतंत्र को खत्म कर देगा।
भाजपा को मिली यह ताकत न केवल पूरे भारत बल्कि विशेष रूप से दक्षिण भारत और तमिलनाडु के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होगी। तमिल संस्कृति के प्रबल समर्थक भाई स्टालिन से आग्रह किया है कि वे तमिलनाडु की रक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि भाजपा की यह कुटिल योजना लागू न हो पाए। राहुल गांधी ने कहा 'यह सिर्फ कुछ सीटों का मामला नहीं है।
हर एक निर्वाचन क्षेत्र की सीमाएं फिर से तय की जाएंगी और इन्हें कौन तय करेगा? एक परिसीमन आयोग जिसमें ज्ञानेश कुमार भी शामिल है। वही व्यक्ति जिसे भाजपा को वोट चुराने में मदद करते हुए पकड़ा गया था।
असम और जम्मू-कश्मीर में हम पहले ही देख चुके हैं कि इसका क्या अंजाम होता समुदायों को तोड़ने और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सीमाओं में फेरबदल कर दी जाती है। पहले उन्होंने वोट चुराए। अब वे चुनावी नक्शे को ही हथियाना चाहते हैं। अगर वे इसमें कामयाब हो गए तो एक भी वोट पड़ने से पहले ही चुनाव का नतीजा तय हो जाएगा।'
विपक्षी बैठक में चेन्नई-मुंबई जाने का आखिरी प्रयास का हुआ फैसला
द्रमुक तथा पवार की पार्टी के पाला बदलने के बाद सरकार के परिसीमन पर दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा छूने को देखते हुए विपक्षी दलों के नेताओं की खरगे के घर पर शनिवार को हुई बैठक में स्टालिन तथा शरद पवार के पास जाने का अंतिम प्रयास का निर्णय लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश तथा वरिष्ठ वकील राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने करीब एक घंटे की परिसीमन के परिणामों से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
इसके बाद तय हुआ कि लोकसभा में बिल पेश होने में महज कुछ घंटे रह गए हैं ऐसे में विपक्षी के शीर्ष नेता स्टालिन और पवार से मिलने के लिए रविवार को चेन्नई तथा मुंबई जाएं।
इसी दरम्यान टीएमसी के डेरेक ओब्रायन ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की साख तथा स्टालिन से पुराने रिश्तों को देखते हुए जाने का सुझाव दिया जिस पर पार्टी की ओर से हामी भर दी गई। इसके बाद शनिवार रात को ही ममता बनर्जी को कोलकाता से दिल्ली बुलाया गया क्योंकि उनके भी स्टालिन से अच्छे रिश्ते रहे हैं।
हालांकि विपक्षी दलों का यह दांव भी कामयाब नहीं हुआ और बीते अप्रैल में परिसीमन के खिलाफ लोकसभा में वोट देने वाले स्टालिन ने नए परिसीमन बिल का समर्थन करने की अपनी दृढ़ता स्पष्ट कर दी।
यह भी पढ़ें- 'समर्थन के अलावा कोई विकल्प नहीं', परिसीमन पर स्टालिन अपने रुख पर कायम; INDI गठबंधन की पहल नाकाम
यह भी पढ़ें- सोनिया और राहुल गांधी ने परिसीमन के मुद्दे पर एमके स्टालिन से की मुलाकात, क्या हुई बात?
यह भी पढ़ें- INDI गठबंधन की बैठक के कुछ ही मिनट बाद स्टालिन ने परिसीमन पर यू-टर्न से किया इनकार, क्या बोले राहुल गांधी?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।