दिल्ली के तापमान में गिरावट, पहाड़ों में शुरू हुई बर्फबारी; तमिलनाडु समेत कई राज्यों में है बारिश का अलर्ट
मौसम में बदलाव के कारण 22 नवंबर यानी मंगलवार को उत्तरी तमिलनाडु पुडुचेरी दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के रायलसीमा क्षेत्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। इसके साथ ही तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में गुलाबी ठंड शुरू हो गई है। दिन में आसमान साफ और तेज धूप रहती है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। इसी के साथ उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव (Pressure) का दक्षिण आंध्र प्रदेश-उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। यह 22 नवंबर की सुबह एक अच्छी तरह से कम दबाव वाले क्षेत्र में धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा।
तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश समेत इन जगहों पर है बारिश का अलर्ट
मौसम में बदलाव के कारण 22 नवंबर यानी मंगलवार को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के रायलसीमा क्षेत्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। इसी अवधि के दौरान उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने 23 नवंबर को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: FTX: कैसे ताश के महल की तरह ढह गया दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा क्रिप्टो एक्सचेंज
चलेंगी तेज हवाएं
आइएमडी के अनुसार मंगलवार की सुबह तक दक्षिण पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और श्रीलंका के तटों पर 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद धीरे-धीरे ये तेज हवाएं कम होती जाएंगी। मंगलवार को मन्नार की खाड़ी में 40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: Fact Check : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बेटी के नाम पर फिर से वायरल हुई महिला अफसर की तस्वीर
भारी बारिश के चलते स्कूलों में हो गई थी छुट्टी
गौरतलब है कि पिछले दिनों तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई थी। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। भारी बारिश और जलभराव के चलते स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी। मुख्यमंत्री स्टालिन ने स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश से बिगड़े हालातों पर समीक्षा बैठक भी की थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।