Move to Jagran APP

देशभर में गर्मी का कहर, राजस्थान के चुरू में पारा 51 के पास, पहाड़ी राज्य भी झेल रहे मार

देश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान के चुरू में तो अब तक का सबसे ज्यादा 50.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

By TaniskEdited By: Published: Sat, 01 Jun 2019 10:27 PM (IST)Updated: Sat, 01 Jun 2019 10:27 PM (IST)
देशभर में गर्मी का कहर, राजस्थान के चुरू में पारा 51 के पास, पहाड़ी राज्य भी झेल रहे मार
देशभर में गर्मी का कहर, राजस्थान के चुरू में पारा 51 के पास, पहाड़ी राज्य भी झेल रहे मार

जेएनएन, नई दिल्ली।  देश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक में गर्मी और लू की दोहरी मार पड़ रही है। राजस्थान के चुरू में तो अब तक का सबसे ज्यादा 50.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी की भीषण मार पड़ रही है।

prime article banner

राजस्थान में इस बार गर्मी के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। चुरू में शनिवार को अधिकतम तापमान 50.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू में यह अब तक का सबसे अधिक तापमान बताया जा रहा है। इससे पहले 2016 में यहां का तापमान 50.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। मौसम विभाग जयपुर के क्षेत्रीय निदेशक शिव गणेश ने बताया कि इससे पहले जोधपुर के पास फलौदी में 51 डिग्री सेल्सियस तक तापमान जा चुका है। वहीं, प्रदेश के श्रीगंगानगर में शुक्रवार को 75 साल का रिकॉर्ड तोड़ तापमान 49.6 डिग्री था। शनिवार को 49 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, चुरू में 2016 में 50.2, 2017 में 49.7 और 2018 में अधिकतम तापमान 47.6 रहा था। इस बार तापमान ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए नगरपरिषद की दमकलों से सड़कों पर पानी का छिड़काव भी कराया गया है। शनिवार को बीकानेर में 47.9, जैसलमेर में 47.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। भीषण गर्मी के बाद राजस्थान के 27 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मध्य प्रदेश में भी बरसी आग
मध्य प्रदेश में शनिवार को खजुराहो, ग्वालियर, नौगांव और दमोह में अधिकतम तापमान 47 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया। अन्य कई जिलों में तापमान 45 डिग्री से अधिक रहा। उधर मंदसौर, नीमच और रतलाम जिले में शनिवार को कई जगह आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन नीमच और मंदसौर में खुले में रखी किसानों की उपज को नुकसान हुआ है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में पारा 49 पहुंचा
उत्तर प्रदेश में तेज धूप और लू से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शनिवार को 49 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में मथुरा सबसे अधिक गर्म रहा। जबकि बांदा में 48.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया।

पंजाब और हरियाणा भी बेहाल
पंजाब में लगातार पांचवें दिन बठिंडा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 46 डिग्री क्रॉस करने के बाद शनिवार को यहां का तापमान 46.5 डिग्री पहुंच गया। इसके अलावा फिरोजपुर में भी पारा 46 पर पहुंच गया है। हरियाणा के नारनौल में भी 47.2 डिग्री दर्ज हुआ है।

पहाड़ों में लू से लोग परेशान
हिमाचल प्रदेश के निचले हिस्सों में गर्मी ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। ऊना, बिलासपुर, मंडी, सिरमौर और सोलन के नालागढ़ क्षेत्र में शनिवार को लू चलने से लोगों को बेहाल कर दिया। हिमाचल में शनिवार को सबसे अधिक गर्म ऊना जिला रहा। यहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुुंचा। हिमाचल मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश में 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। तीन दिन के लिए मौसम कुछ राहत दे सकता है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.