Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देश में एक करोड़ के करीब पहुंचा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, महाराष्ट्र में सबसे ज्‍यादा मौतें, जानें-बाकी राज्‍यों का हाल

    कोरोना संक्रमण के 22890 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा एक करोड़ के करीब पहुंच गया है। देश में कोरोना के कुल मामले 9979444 दर्ज किए गए हैं जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 95 लाख को पार कर चुकी है।

    By Krishna Bihari SinghEdited By: Updated: Sat, 19 Dec 2020 07:18 AM (IST)
    Hero Image
    देश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा एक करोड़ के करीब पहुंच गया है।

    नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना संक्रमण के 22,890 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा 99,79,444 तक पहुंच गया है, जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 95 लाख को पार कर चुकी है। बीमारी से उबरने की दर के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष पर है। देश में नए मामले सामने आने से ज्यादा लोग स्वस्थ हो रहे हैं। इससे सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। कोरोना संक्रमण से जनहानि के मामले में सबसे ज्यादा नुकसान महाराष्ट्र को उठाना पड़ा है। महाराष्‍ट्र में महामारी से अब तक 48,499 लोगों की मौत हुई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देश में अब तक 1,44,789 लोगों की मौत

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के सिर्फ 22,890 नए मामले सामने आए, जबकि 31,087 लोग स्वस्थ हुए। पिछले लगातार 21 दिनों से बीमारी से उबरने वालों की संख्या संक्रमित लोगों से ज्यादा बनी हुई है। हालांकि, इस दौरान 338 लोगों की मौत भी हुई है। इससे महामारी के चलते मरने वालों की कुल संख्या 1,44,789 हो गई है।

    95.40 फीसद पहुंची रिकवरी रेट

    देश में कोरोना को मात देकर स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 95,20,827 हो चुकी है। इससे स्वस्थ होने की दर 95.40 फीसद हो चुकी है। दूसरी तरफ मृत्यु दर 1.45 फीसद बनी हुई है। शुक्रवार को लगातार 12वें दिन सक्रिय मामलों की संख्या चार लाख से नीचे बनी रही। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस समय देश में 3,13,831 सक्रिय मामले हैं। यह कुल संक्रमण का 3.14 फीसद है।

    अब तक 15,89,18,646 नमूनों की जांच

    भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के अनुसार, अब तक 15,89,18,646 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इनमें 11,13,406 नमूनों की जांच अकेले गुरुवार को की गई।

    महाराष्‍ट्र में सबसे ज्‍यादा मौतें

    बीते 24 घंटों के दौरान जिन 338 लोगों की मौत हुई है, उनमें 65 महाराष्ट्र, 44 बंगाल, 35 दिल्ली और 27 केरल से हैं। अब तक कुल मौतों में भी सबसे ज्यादा नुकसान महाराष्ट्र को उठाना पड़ा है। वहां इस बीमारी से 48,499 लोगों की मौत हुई है। महाराष्‍ट्र में महामारी से अब तक 48,499 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा कर्नाटक में 11,981, तमिलनाडु में 11,942 और दिल्ली में 10,182 लोगों की मौत हुई है। बंगाल में 9,235, उत्तर प्रदेश में 8,136, आंध्र प्रदेश में 7,069 और पंजाब में 5,150 लोगों को जान गंवानी पड़ी।

    दिल्‍ली में मामलों की दर 1.51 फीसद

    राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी बदस्‍तूर है। दिल्‍ली में मामलों की दर 1.51 फीसद पर बनी हुई है। एक दिन पहले बृहस्‍पतिवार को राजधानी दिल्‍ली संक्रमण के मामले 6,13,357 दर्ज किए गए थे। दिल्‍ली में महामरी से मरने वालों की संख्या 10,182 हो गई है।

    महाराष्ट्र में 3,994 नए मामले

    महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 3,994 नए मामले सामने आए। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 18,88,767 हो गई है। इसके अलावा 4,467 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। इसके साथ ही ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 17,78,722 हो चुकी है।

    गुजरात में 1,075 और संक्रमित

    गुजरात में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 1,075 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2,33,263 हो गई है। राज्य में 1,155 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

    तमिलनाडु में 1,134 नए मामले

    तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण के 1,134 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 8.04 लाख हो गई है। राज्य में स्वस्थ होने वालों की दर नए संक्रमण से ज्यादा है। शुक्रवार को 1,170 मरीज स्वस्थ हुए। 

    देश में इस तेजी से बढ़े आंकड़े

    देश में संक्रमितों के आंकड़े में तेजी से इजाफा हुआ है। देश में बीते सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख थी जो 23 अगस्त को 30 लाख हो गई। पांच सितंबर को संक्रमितों का आंकड़ा 40 लाख के पार चला गया। बीते 16 सितंबर को संक्रमितों की संख्‍या 50 लाख थी जो 28 सितंबर को 60 लाख पर पहुंच गई। अक्‍टूबर महीने में भी संक्रमितों की संख्‍या में तेजी का क्रम जारी रहा। बीते 11 अक्टूबर को संक्रमितों की संख्‍या 70 लाख थी जो 29 अक्टूबर को 80 लाख हो गई। बीते 20 नवंबर को संक्रमितों के आंकड़े 90 लाख के पार चले गए थे।