Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'यह मोदी युग है, लोकसभा चुनाव में एक अंक में सिमट जाएगी कांग्रेस', भाजपा ने पार्टी के आरोपों पर किया पलटवार

    Updated: Sun, 31 Mar 2024 04:00 AM (IST)

    पूर्व मंत्री पी चिदंबरम ने दावा किया कि कांग्रेस को आयकर विभाग का नोटिस देश के सभी राजनीतिक दलों और जनता के लिए भी एक चेतावनी है जिससे सभी दलों को नष्ट करने की भाजपा की मंशा का पता चलता है। कांग्रेस ने कहा-मोदी सरकार ने हमारे बैंक खाते फ्रीज नहीं किए हैं बल्कि भारत के लोकतंत्र को फ्रीज किया है। यह टैक्स आतंकवाद है।

    Hero Image
    भाजपा ने शनिवार को कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक अंक में सिमटकर रह जाएगी।

    पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक अंक में सिमटकर रह जाएगी। टैक्स धोखाधड़ी में शामिल होने के बाद वह जिस तरह से आयकर नोटिस के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, उससे वह बेनकाब हो गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और अन्य नेता अपनी टिप्पणियों से आयकर विभाग को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा-लेकिन, यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'युग' है। इसमें कानून के सामने हर कोई समान है।

    इस्लाम ने कहा, कांग्रेस को टैक्स देनदारी के लिए आयकर विभाग से नोटिस मिला है। इसके बाद वह धरना और प्रदर्शन कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। भाजपा नेता ने कहा, देश की जनता निश्चित रूप से इसका जवाब देगी।

    2019 के लोकसभा चुनाव में तो कांग्रेस (सीटों के मामले में) दो अंकों तक पहुंची थी। लेकिन, मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में पार्टी एक अंक में सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आयकर वसूली का नोटिस उसकी अपनी गलतियों के चलते मिला है। उसके आरोपों में कोई दम नहीं है।

    कांग्रेस ने नोटिस के खिलाफ कई राज्यों में किया प्रदर्शन

    कांग्रेस ने आयकर विभाग द्वारा 1,823 करोड़ रुपये के कर बकाये को लेकर भेजे गए नोटिस के खिलाफ शनिवार को कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि वह केंद्र के टैक्स आतंकवाद से नहीं डरेगी। पार्टी ने लखनऊ, चंडीगढ़, जयपुर और अन्य राज्य की राजधानियों में विरोध प्रदर्शन किया।

    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, भाजपा आयकर नोटिस भेजकर कांग्रेस को परेशान करने की कोशिश कर सकती है, लेकिन कांग्रेस न तो डर रही है और न ही कमजोर हो रही है। हम तैयार हैं, हम इससे पार पाएंगे और हम विजयी होंगे!

    पूर्व मंत्री पी चिदंबरम ने दावा किया कि कांग्रेस को आयकर विभाग का नोटिस देश के सभी राजनीतिक दलों और जनता के लिए भी एक चेतावनी है, जिससे सभी दलों को नष्ट करने की भाजपा की मंशा का पता चलता है। कांग्रेस ने कहा-मोदी सरकार ने हमारे बैंक खाते फ्रीज नहीं किए हैं, बल्कि भारत के लोकतंत्र को फ्रीज किया है। यह टैक्स आतंकवाद है।