Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Congress President Election: कैसे होता है कांग्रेस पार्टी में अध्‍यक्ष का चुनाव, यहां जानें पूरी प्रक्रिया

    By Krishna Bihari SinghEdited By:
    Updated: Wed, 21 Sep 2022 10:37 PM (IST)

    एक ओर राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं दूसरी ओर कांग्रेस के अध्‍यक्ष पद के चुनाव की रणभेरी बजने वाली है। इसके लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी की जानी है। जानिये कांग्रेस में कैसे होती है अध्‍यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया...

    Hero Image
    Congress President Election: जानिये कांग्रेस में अध्‍यक्ष पद के लिए क्‍या है पूरी प्रक्रिया।

    नई दिल्‍ली [जागरण स्‍पेशल]। भारत जोड़ो यात्रा के साथ कांग्रेस अपना नया अध्यक्ष चुनने की चुनावी यात्रा पर भी है। 22 सितंबर को पार्टी की तरफ से चुनाव की अधिसूचना जारी की जानी है। अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच मुकाबले के कयासों के बीच आइए समझते हैं कि इस 137 वर्ष पुरानी पार्टी में अध्यक्ष पद के चुनाव की पूरी प्रक्रिया क्या है...

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
    • 17 अक्टूबर को मतदान की स्थिति बनेगी यदि एक से अधिक उम्मीदवार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करते हैं। 19 अक्टूबर को नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
    • 24 से 30 सितंबर तक नामांकन किया जा सकता है। आठ अक्टूबर तक नाम वापसी हो सकती है।

    पांच चेहरे जो संभालेंगे चुनाव प्रक्रिया

    कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव कराने की जिम्मेदारी जिस पार्टी की जिस सेंट्रल इलेक्शन अथारिटी (सीईए) की है, उसमें पांच सदस्य हैं जो विभिन्न राज्यों से संबंध रखते हैं। सीईए के अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेसी मधुसूदन मिस्त्री हैं जो मूलत: गुजरात के राजनीतिक गलियारों से आते हैं। भूगोल पढ़ाते-पढ़ाते वह राजनीतिशास्त्र के माहिर बनकर गुजरात में शंकर सिंह वाघेला के सक्रिय साथी बने। 77 वर्षीय मिस्त्री को पहचान ट्रेड यूनियन नेता के रूप में मिली। सीईए के अन्य सदस्यों में दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली, तमिलनाडु से जोतीमनी सेन्नीमलाई, कर्नाटक से कृष्णा बायरे गौड़ा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी से वयोवृद्ध कांग्रेसी राजेश मिश्रा हैं। मिस्त्री रिटर्निंग अफसर होंगे।

    पीसीसी के 9,000 सदस्य करेंगे इस प्रकार करेंगे मतदान

    मतदान का अधिकार पूरे देश में 9,000 कांग्रेसियों को होगा। इन्हें कांग्रेस डेलीगेट्स या प्रतिनिधि कहा जाता है जो विभिन्न प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसी) के सदस्य होते हैं। इन सदस्यों को कांग्रेस की ब्लाक समितियों से चुनकर भेजा पीसीसी जाता है।

    • प्रत्याशी बनने के लिए कम से कम 10 कांग्रेस डेलीगेट्स का समर्थन आवश्यक है। नाम वापस लेने के लिए सात दिन का समय दिया जाता है।
    • मतदान की स्थिति में सभी राज्यों के प्रदेश कांग्रेस कार्यालयों में वोट डाले जाएंगे। सभी डेलीगेट्स के वोट की गिनती करके नए अध्य़क्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।

    यह है शेड्यूल

    उल्‍लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाला केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण अध्‍यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करेगा। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। मतदान 17 अक्टूबर को होगा जबकि नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।