पीएम मोदी के जन्मदिन से सेवा पखवाड़ा चलाएगी भाजपा, होंगे कई कार्यक्रम
भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इसमें रक्तदान शिविर स्वास्थ्य शिविर स्वच्छता अभियान और एक पेड़ मां के नाम जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। मोदी सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए 75 शहरों में मोदी विकास मैराथन का आयोजन होगा। 25 सितंबर को आत्मनिर्भर भारत विकसित भारत अभियान शुरू होगा जो 25 दिसंबर तक चलेगा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर तक भाजपा सेवा पखवाड़ा आयोजित करेगी। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, एक पेड़ मां के नाम, प्रदर्शनी, संवाद कार्यक्रम सहित विभिन्न कार्यक्रम देशभर में आयोजित करने की रूपरेखा संगठन ने तैयार की है।
साथ ही मोदी सरकार के विकास का संदेश जनता तक पहुंचाने के लिए 75 शहरों में मोदी विकास मैराथन आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने गुरुवार को सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से ''आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत'' अभियान शुरू होगा, जो 25 दिसंबर तक चलेगा।
कौन-कौन से होंगे कार्यक्रम?
- देश के सभी जिलों में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। हर वर्ष की तरह सार्वजनिक स्थानों पर बड़ा स्वच्छता अभियान चलेगा।
- पीएम मोदी के मुख्यमंत्री काल से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की उपलब्धियों और सेवा कार्यों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी सभी जिलों में लगाई जाएगी।
- सभी जिलों में प्रबुद्ध वर्ग के साथ सम्मेलन होंगे। विभिन्न क्षेत्रों, कला, साहित्य, खेल, शिक्षा, विज्ञान आदि में योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों के सम्मान के साथ-साथ संवाद होगा।
सुनील बंसल ने बताया कि 771 संवाद कार्यक्रम भी देशभर के सभी प्रांतों में होंगे। दिव्यांगजनों के साथ भी संवाद किया जाएगा और उन्हें सहयोगी उपकरण वितरित किए जाएंगे। मोदी विकास मैराथन 75 से अधिक बड़े शहरों में भाजयुमो द्वारा 21 सितंबर को सुबह एक ही समय पर आयोजित की जाएगी। सभी सांसदों द्वारा खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस महोत्सव के लिए रजिस्ट्रेशन 29 अगस्त से शुरू हो चुका है और 21 सितंबर से इसका औपचारिक शुभारंभ होगा। यह अभियान दिसंबर और जनवरी तक पूरे देश में चलेगा। इसी तरह चित्रकला आदि कार्यक्रम तय किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Nepal Protest: Gen-Z के बीच पीएम मोदी का क्रेज, बोले- 'उनके जैसा नेता ही कर सकता है बदलाव'
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।