यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में दोबारा चुनाव के लिए तैयार है भाजपा: बिधूड़ी
दिल्ली में सरकार बनाने की अनिश्चतता के बीच भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा है कि पार्टी दिल्ली में दोबारा ...और पढ़ें

नई दिल्ली। दिल्ली में सरकार बनाने की अनिश्चतता के बीच भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा है कि पार्टी दिल्ली में दोबारा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार के चुनाव में उनकी पार्टी 60 से 70 सीटों पर विजय पाने में सफल रहेगी।
दक्षिण दिल्ली के सांसद और दिल्ली भाजपा के महासचिव ने कहा कि अब दिल्ली में सिर्फ दोबारा चुनाव कराने का एकमात्र विकल्प बचा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में फिलहाल भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा जोड़-तोड़ कर सरकार बनाने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को विधानसभा चुनाव में 33.7 प्रतिशत वोट मिले थे जो लोकसभा चुनाव में बढ़कर 46.1 फीसद हो गए।
हालांकि उन्होंने यह भी माना कि विधानसभा चुनाव के बाद से लेकर अब तक आम आदमी पार्टी का भी वोट शेयर बढ़ा है। लेकिन कांग्रेस का वोट शेयर लगातार गिर रहा है। कांग्रेस ने जहां दिल्ली विधानसभा चुनाव में 24.55 फीसद मत प्राप्त किए थे वहीं लोकसभा चुनाव में यह गिरकर 15.1 फीसद ही रह गया। भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली में दोबारा चुनाव कराने को लेकर भाजपा जल्द ही कोई फैसला ले लेगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफा देने के बाद 17 फरवरी को राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। अब केंद्र सरकार को इस बाबत फैसला लेना है कि यहां पर वह राष्ट्रपति शासन को ही बरकरार रखती है या दोबारा चुनाव करवाती है। यह निर्णय दिल्ली के उप-राज्यपाल की रिपोर्ट पर लिया जाएगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथ 31 सीट लगी थीं। लेकिन मौजूदा परिप्रेक्ष्य में हर्ष वर्धन, रमेश बिधूड़ी और परवेश वर्मा लोकसभा चुनाव में जीतकर संसद पहुंच गए हैं। ऐसे में उनके विधायकों की संख्या भी महज 28 हो गई है।