Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'सपा का राजनीतिक DNA ही अपराध और अपराधी का साथ देना', कन्नौज रेप केस पर भाजपा का जोरदार हमला

    Updated: Tue, 13 Aug 2024 11:45 PM (IST)

    अयोध्या के बाद कन्नौज में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले में राजनीति गरमाई हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा का राजनीतिक डीएनए ही अपराध और अपराधी का साथ देना है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं कहने वाली प्रियंका गांधी के होंठ इन घटनाओं पर क्यों सिल जाते हैं।

    Hero Image
    कन्नौज रेप केस पर भाजपा का जोरदार हमला (Image: ANI)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अयोध्या के बाद कन्नौज में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले में समाजवादी पार्टी के रुख पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सपा का राजनीतिक डीएनए ही अपराध और अपराधी का साथ देना है। इसी तरह से कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डाक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की सीबीआइ जांच के लिए समय मांगने को लेकर भी भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया

    साथ ही उन्होंने अयोध्या, कन्नौज और कोलकाता में हुई दुष्कर्म की घटनाओं पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' कहने वाली प्रियंका गांधी के होंठ इन घटनाओं पर क्यों सिल जाते हैं।

    समाजवादी पार्टी के शासनकाल में बुलंद हुए अपराध

    सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के नेताओं पर अपराधियों को संरक्षण देने के साथ ही गंभीर अपराधों के प्रति असंवेदनशीलता दिखाने का आरोप लगाया। कहा कि अपराध एक तरफ है, लेकिन अपराध के प्रति असंवेदनशीलता उससे भी बड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को पता है कि अपराधियों के हौसले सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी के शासनकाल में बुलंद होते थे। उनके अनुसार, जब से यूपी के दो लड़कों (राहुल गांधी और अखिलेश यादव) की ताकत बढ़ी है, तब से अपराधियों की हिम्मत और हिमाकत बढ़ती जा रही है।

    राजनीति की गई, सपा नेता तरह-तरह के बयान दे रहे

    भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, अपराध और अपराधी के जात-पात, पंथ और मजहब को राजनीति के तराजू पर नहीं तौलना चाहिए, उसे अपराधी के रूप में देखा जाना चाहिए, लेकिन अयोध्या में एक सपा नेता मोइद खान द्वारा एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसी वीभत्स घटना पर भी निर्लज्जता के साथ राजनीति की गई। वहीं, कन्नौज में दुष्कर्म के आरोपित से कन्नी काटने के लिए सपा नेता तरह-तरह के बयान दे रहे हैं।

    इन घटनाओं पर विपक्षी नेताओं की चुप्पी पर निशाना साधते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी की सियासी दुकान में मोहब्बत सिर्फ अपराधियों, आतंक के आरोपितों, भ्रष्टाचारियों, दंगाइयों और दुष्कर्मियों के लिए है। 

    यह भी पढ़ें: Doctor Murder Case: महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले की होगी सीबीआई जांच, कलकत्ता HC ने दिया आदेश