विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Video: 'तेरे बाप का ऑटो है क्या, चप्पल से मारूंगा', बेंगलुरु में महिला ने कैंसल की राइड तो ऑटोवाले ने किया पीछा और फिर...

By Agency Edited By: Sachin Pandey
Published: Thu, 05 Sep 2024 05:51 PM (IST)

Bengaluru बेंगलुरु की एक महिला ने ऑनलाइन ऑटो बुक करने की खौफनाक कहानी सुनाई है जहां बुक किया गया ऑटो ...और पढ़ें

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। (Photo- Internet Media)
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। (Photo- Internet Media)

HighLights

  1. महिला ने दूसरी ऑटो आ जाने के बाद कैंसल कर दी थी राइड।
  2. सोशल मीडिया पर सुनाई पूरी आपबीती, पुलिस ने लिया घटना का संज्ञान।

पीटीआई, बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक ऑटोवाले ने महिला के साथ इसलिए मारपीट और गाली गलौज की, क्योंकि उसने ऑटो की राइड कैंसल कर दी थी। महिला ने पूरी घटना की आपबीती एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताई है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार घटना बुधवार की है, जब महिला और उसकी दोस्त ने एक ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर दो ऑटो बुक किए। महिला ने घटना के बारे में बताते हुए पोस्ट में लिखा, 'कल बेंगलुरु में, मेरे दोस्त और मैंने पीक ऑवर्स के कारण ओला पर दो ऑटो बुक किए। मेरी बुक की गई ऑटो पहले पहुंच गई तो उसने अपना ऑटो रद्द कर दिया। इसके बाद दूसरे ऑटो चालक ने गुस्से में हमारा पीछा किया। स्थिति समझाने के बावजूद, उसने चिल्लाना और मारपीट करना शुरू कर दिया।'

गाली-गलौज पर उतर आया ऑटोवाला

महिला ने कहा, 'ड्राइवर ने हमारे साथ गाली-गलौज की और कहने लगा कि क्या यह ऑटो मेरे बाप का है और अपमानजनक टिप्पणियां करने लगा। मैंने रिकॉर्डिंग शुरू कर दी, जिससे वह और भी आग-बबूला हो गया। जब मैंने उसे रिपोर्ट करने की बात कही तो वह डरने की बजाय मुझे चुनौती देने लगा।' महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद ऑटोवाले ने उसका फोन छीनने की कोशिश की।

चप्पल से पीटने की दी धमकी

उसने लिखा, 'मैंने विरोध किया तो उसने मुझे मेरे ऑटो ड्राइवर के सामने थप्पड़ मार दिया, जिसने कुछ नहीं किया और आसपास खड़े लोग निष्क्रिय रहे। इसके बावजूद, उसने अपनी धमकियां जारी रखीं और कहा कि वह मुझे अपनी चप्पलों से भी पीटेगा।' पीड़िता ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए अपने पोस्ट में बुकिंग प्लेटफॉर्म कंपनी को भी टैग किया, जिसने जवाब देते हुए कहा कि वह उस घटना की जांच करेंगे।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

वहीं घटना पर बेंगलुरु अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा आलोक कुमार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना का वीडियो महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शेयर किया है। उनके पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एडीजीपी कुमार ने कहा, 'ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। उनके जैसे कुछ लोग ऑटो चालक समुदाय का नाम खराब करते हैं। उचित कार्रवाई करने के लिए संबंधित को सूचित कर दिया है।'